लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मई की शुरुआत मौसम के उतार-चढ़ाव के साथ हो रही है। प्रदेश भर में मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर 1 मई को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
61 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के 61 जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर, मेरठ, बरेली, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़ और आगरा सहित अनेक जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
कहां-कहां बारिश और तेज हवा का अलर्ट?
कौशाम्बी, मिर्जापुर, सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, संत कबीर नगर, गोंडा, बहराइच, हरदोई, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, सहारनपुर, शामली, मथुरा, हाथरस, इटावा, औरैया, बिजनौर, बदायूं और अन्य जिलों में भी यही स्थिति बनी रह सकती है।
तापमान में क्या बदलाव होगा
मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 4 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है। न्यूनतम तापमान में भी अगले 5 दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा।
बांदा, चित्रकूट, झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में ताप सूचकांक 50℃ से ऊपर जा सकता है। वहीं लखनऊ, आजमगढ़, कानपुर, बाराबंकी, रायबरेली और आसपास के जिलों में ताप सूचकांक 40-50℃ के बीच रह सकता है।
2 मई से 6 मई तक बारिश की संभावना
प्रदेश में 2 से 6 मई के बीच एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण गरज-चमक और झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवाओं की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है।

