Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट +2 जिला उच्च विद्यालय, चाईबासा के मैदान में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सौजन्य से जिला स्तरीय एकदिवसीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सिंहभूम सांसद जोबा माझी, मंझगांव विधायक निरल पूर्ति, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, जिला उपायुक्त चंदन कुमार एवं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार विशिष्ट रूप से उपस्थित थे। समारोह स्थल पर अतिथियों का स्वागत जिला कृषि कार्यालय द्वारा पौधा, अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर किया गया।

कृषि यांत्रिकी को बढ़ावा देने के लिए चल रही योजनाएं
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि हमारा देश और पश्चिमी सिंहभूम जिला कृषि एवं वनोपज पर आधारित है। किसानों को सशक्त बनाने के लिए झारखंड सरकार प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से जिला स्तरीय कृषि मेला का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि कृषि यांत्रिकी को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे कम लागत और कम परिश्रम में किसानों को अधिक लाभ मिलेगा तथा उनकी आजीविका मजबूत होगी।सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा प्रतिवर्ष कृषि मेला आयोजित कर किसानों को नवीन तकनीकों और योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाता है। राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों को उन्नत, कर्ज विहीन और लाभकारी खेती करने वाला बनाना है। किसानों के परिश्रम से ही हमें अन्न प्राप्त होता है, इसलिए सरकार कृषि क्षेत्र को निरंतर प्राथमिकता दे रही है।

विधायकों ने किसानों को दी विभिन्न योजनाओं की जानकारी
विधायक निरल पूर्ति एवं विधायक जगत माझी ने भी राज्य सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी और कृषि के नए अवसरों को अपनाकर आजीविका को सशक्त बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा भूमि संरक्षण कार्यालय अंतर्गत मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत बड़ा ट्रैक्टर एवं सहायक कृषि यंत्र, 90 प्रतिशत सरकारी अनुदान पर पंपसेट, जिला मत्स्य कार्यालय अंतर्गत मत्स्य विपणन योजना के तहत मछली परिवहन के लिए चार पहिया वाहन तथा जिला कृषि कार्यालय द्वारा किसान कार्ड सहित करीब 60 लाख रुपये की विभिन्न परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में लगाए गए थे स्टॉल
इसके पश्चात अतिथियों ने कृषि प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया और जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए किसानों की उपज का अवलोकन करते हुए किसान बंधुओं से संवाद किया।

