Home » कौन होगा दिल्ली का मुख्यमंत्री, पार्टी ने क्यों टाल दी विधायक दल की बैठक

कौन होगा दिल्ली का मुख्यमंत्री, पार्टी ने क्यों टाल दी विधायक दल की बैठक

बीजेपी ने 48 विधायकों में से 15 नामों की छंटनी की थी। इसके बाद इनमें से भी 9 नाम शॉर्टलिस्ट किए गए है।

by Reeta Rai Sagar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम के हफ्तों बीतने के बाद भी मुख्यमंत्री का नाम अब तक तय नहीं हो पाया है। चुनाव के बाद से ही मुख्यमंत्री के लिए नए चेहरे की तलाश जारी है। सोमवार, 17 फरवरी को विधायक दल की बैठक तय की गई थी, जिसे स्थगित कर दिया गया है। इसी बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगने वाली थी, लेकिन देर रात भारतीय जनता पार्टी की ओर से जानकारी दी गई कि फिलहाल के लिए ये बैठक टाल दी गई है।

ऐसे में दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर सस्पेंस अभी बरकरार है। खबर है कि अब बीजेपी की विधायक दल की बैठक 19 फरवरी को होगी और 19 या 20 फरवरी को शपथग्रहण समारोह हो सकता है।

CM की रेस में कौन-कौन

गौरतलब है कि बीजेपी, 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने जा रही है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 48 सीटों पर जीत मिली थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, बीजेपी ने 48 विधायकों में से 15 नामों की छंटनी की थी। इसके बाद इनमें से भी 9 नाम शॉर्टलिस्ट किए गए है। अब इन 9 नामों में से ही मुख्यमंत्री, मंत्री और स्पीकर का नाम तय किया जाएगा। दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी बिना किसी सीएम फेस के चुनाव में उतरी थी। ये चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर ही लड़ा गया।

ऐसे में अब सवाल ये है कि मुख्यमंत्री किसे बनाया जाएगा। पूरी दिल्ली यह जानना चाहती है कि कौन होगा उनका नया मुख्यमंत्री। फिलहाल के लिए दिल्ली CM की रेस में केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा के अलावा रेखा गुप्ता, मोहन सिंह बिष्ट, विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय, आशीष सूद, शिखा राय और पवन शर्मा का नाम शामिल है।

शीर्ष नेतृत्व ही लेगा अंतिम निर्णय

मुख्यमंत्री की दावेदारी में कई नाम हैं, लेकिन इस बात के भी चांसेज है कि जिस प्रकार बीजेपी ने राजस्थान में भजन लाल शर्मा, मध्य प्रदेश में मोहन यादव और छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय को मुख्यमंत्री बनाकर सभी को चौंका दिया था, वैसा ही कुछ दिल्ली में भी न हो जाए। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि ‘देखिएगा कि दिल्‍ली में भी कोई अद्भुत व्‍यक्तित्‍व आ जाएगा और सब मुंह खोलकर देखते रह जाएंगे’।

वहीं, पार्टी के उत्तर पश्चिम दिल्ली के सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने अपने बयान में कहा कि ‘नए मुख्यमंत्री का चुनाव, पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों में से ही होना है’। ये बात बीजेपी के ही एक और वरिष्ठ नेता ने भी कही थी। उन्होंने कहा कि इससे जनता के जनादेश का सम्मान होगा। हालांकि अब तक सभी बस कयास ही लगा रहे हैं। बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि शीर्ष नेतृत्व सारे समीकरणों को ध्यान में रखते हुए ही दिल्ली के मुख्यमंत्री का नाम तय करेंगे।

Related Articles