स्पेशल रिपोर्ट, मुंबई. हाल ही में, एक वीडियो सामने आया था, जिसमें नई दिल्ली कांग्रेस कार्यालय के बाहर कुछ महिलाएं अर्चना गौतम के साथ मारपीट करती हुई नजर आ रही थीं। अर्चना ने अपनी आपबीती शेयर की। इस घटना को ऑन-रोड रेप बताया। पूरी घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। लेकिन, अब घटना का वीडियो खुद अर्चना की तरफ से सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। इसी घटनाक्रम के बाद कॉन्ग्रेस ने अर्चना गौतम को पार्टी से बाहर कर दिया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि अर्चना को अनुशासनहीनता के लिए कारण बताने का नोटिस भेजा गया था। उन्होंने इसका जवाब नहीं दिया। इसलिए उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है।

क्यों निष्कासित हुई अर्चना?
कांग्रेस नेता अर्चना गौतम और उनके पिता के साथ दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर बदसलूकी हुई थी। जिसके बाद पार्टी से निष्कासित करने की कार्रवाई की है। दरअसल इस घटना के बाद पार्टी की ओर से जारी एक लेटर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पूर्व विधायक औए कांग्रेस की अनुशासन समिति के सदस्य श्याम किशोर शुक्ला के नाम से वायरल लेटर में 8 जून, 2023 की तारीख लिखी हुई है। इस लेटर में कहा गया है कि अनुशासनहीनता के लिए अर्चना गौतम को 31 मई, 2023 को पत्र भेजा गया था। इस पत्र में एक सप्ताह के भीतर जवाब देने के लिए कहा गया था। उन्होंने जवाब नहीं दिया गया। इसलिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के किए निष्कासित किया जाता है।
कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने का आरोप
कांग्रेस के मेरठ जिलाध्यक्ष अवनीश काजला और शहर अध्यक्ष जाहिद अंसारी ने कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव में हस्तिनापुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहीं अर्चना गौतम को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण 31 मई 2023 को निष्कासित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अर्चना और उनके पिता सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को बदनाम करने का षड्यंत्र कर रहे हैं। उन्होंने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग के लिए एसएसपी से शिकायत की।
क्या था पूरा मामला?
अर्चना के साथ हुई बदसलूकी का वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है। इसको लेकर अर्चना ने मीडिया से अपनी आपबीती बताई है। उन्होंने कहा मैं एक विज्ञापन के शूट के लिए आगरा गई थीं। वहां से वापस लौटने पर मैंने एयरपोर्ट पर चेक आउट किया। सोचा कि ऑफिस जाकर लोगों को बिल पास होने की बधाई दे दूं। एयरपोर्ट से निकलने के बाद मैं पापा और ड्राइवर के साथ कांग्रेस ऑफिस के लिए निकल गईं। जब हम गेट पर पहुंचे, तो कुछ महिलाओं ने हमें अंदर जाने से रोक दिया। कहा- आप नहीं जा सकते। जब मैंने पूछा क्यों, तो उन्होंने जवाब दिया कि मेरी इंट्री बंद कर दी गई है।
मुझे और मेरे पिता को किया अपमानित
अर्चना ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भीड़ में सभी महिलाएं मेरे सामने आकर खड़ी हो गईं। भीड़ देख मेरे पिता मामले की गंभीरता समझ गए। मुझे वहां से निकल चलने के लिए कहा और मैं निकलने की कोशिश करने लगी। मैं कुछ समझ पाती तभी वो लोग मुझे धक्का देने लगे, बाल खींचने लगे, मुझे थप्पड़ भी मारा, मेरे ड्राइवर को चोट भी पहुंचाई। उस बेकाबू भीड़ ने मेरे पिता को लात मारी और वो जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए। मेरे ड्राइवर का सर फट गया था, उसके सर से खून निकल रहा था।
अर्चना गौतम के पिता का बयान – निलंबन का पत्र हमें नहीं दिया गया
अर्चना गौतम के पिता गौतमबुद्ध की ओर से कहा गया है कि बेटी के निलंबन का कोई पत्र अभी तक हमें नहीं दिया गया है। हम पर जो कांग्रेसी फर्जी मुकदमे कराने और अवैध वसूली का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस से उम्मीद है कि इन आरोपों की जांच करके सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता संदीप कुमार के इशारे पर सब चल रहा है। वह अपनी व परिवार की जान की रक्षा के लिए जल्द ही राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से गुहार लगाएंगे।
कौन हैं अर्चना गौतम?
अर्चना गौतम एक प्रमुख अदाकारा और मॉडल हैं। वह Bigg Boss के 16वें सीजन में दिखाई दी थीं। इनके व्यक्तिगत जीवन में राजनीति का भी महत्वपूर्ण स्थान है। कांग्रेस में शामिल हुईं अर्चना गौतम ने हस्तिनापुर से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह चुनाव हार गई थीं। उन्होंने प्रियंका गांधी से कई बार मुलाकात की। कांग्रेस ने उन्हें ‘लड़की हूँ लड़ सकती हूं’ कैम्पेन का हिस्सा भी बनाया था।

