Bokaro : बोकारो के सेक्टर-9 स्थित बसंती मोड़ पर बुधवार शाम एक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहां एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर लगभग 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने पुलिस को फोन कर चेतावनी दी कि अगर उसकी शादी नहीं कराई गई तो वह टावर से कूदकर आत्महत्या कर लेगा। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की जानकारी मिलते ही हरला थाना प्रभारी मोहम्मद खुर्शीद आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवक टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर था, जिससे नीचे से बातचीत संभव नहीं थी। ऐसे में थाना प्रभारी ने मोबाइल फोन के जरिए उससे लगातार संपर्क बनाए रखा और शांतिपूर्वक तरीके से समझाते हुए भरोसा दिलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
नीचे आने के बाद पुलिस ने उसे अपनी सुरक्षा में लेकर थाने पहुंचाया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम भोजराज चंदेल बताया। वह मध्य प्रदेश के गुणा जिले का निवासी है। पुलिस उसके परिजनों से संपर्क करने और पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि हरला थाना क्षेत्र के नेपाली पाड़ा की एक किशोरी से युवक की पहचान फेसबुक के जरिए हुई थी। पिछले साल किशोरी के लापता होने का मामला भी दर्ज हुआ था, हालांकि बाद में उसने कोर्ट में बयान दिया था कि वह अपनी मर्जी से घर से गई थी।
युवक ने पुलिस को बताया कि वह प्रेमिका से शादी करने के लिए मध्य प्रदेश से बोकारो आया था, लेकिन लड़की के परिजनों के विरोध और अपमानजनक व्यवहार से आहत होकर उसने यह कदम उठाया। उसने इंटरनेट से थाना प्रभारी का नंबर खोजकर सीधे फोन किया और अपनी मंशा बताई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कानूनी और सामाजिक पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर समझदारी दिखाने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
Read Also: Bokaro Elephant News : बेटे को बचाने में पिता की गई जान, दरहाबेडा में हाथियों के हमले से दहशत

