स्पेशल डेस्क, लखनऊ: बीते दिनों अयोध्या के श्रीराम मंदिर चर्चाओं में रहा था, जिसका 22 जनवरी, 2024 को रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। (Kalki Mandir) इसके बाद अब उत्तर प्रदेश के एक और जिले का मंदिर सुर्खियों में आ गया है, जो कि संभल जिले में है। इस मंदिर का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया है, जिसे कल्कि धाम मंदिर नाम से जाना जाता है।

कहां होगा Kalki Mandir का निर्माण
संभल जिले में कल्कि धाम मंदिर का निर्माण एंकरा कबोह इलाके में होगा। कल्कि धाम मंदिर का निर्माण उन पत्थरों से किया जाएगा, जिनसे सौराष्ट्र के सोमनाथ मंदिर और अयोध्या के श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ है। कल्कि भगवान विष्णु के 10वें रूप माने गए हैं। हिंदू धर्म शास्त्रों के अनुसार, पृथ्वी पर जब कलयुग अंतिम समय पर होगा, तब भगवान विष्णु कल्कि का अवतार लेंगे और कलयुग का अंत करेंगे।
क्या है मान्यता
पौराणिक मान्यतानुसार, जब कलयुग अपनी चरम सीमा पर होगा, तो भगवान कल्कि अवतरित होकर धरती को पाप मुक्त कर देंगे। इस कारण से श्री कल्कि धाम मंदिर का महत्व और भी ज्यादा बढ़ जाता है। राम मंदिर की भव्यता देखकर भक्त अंदाजा लगा रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के संभल जिले में बनने वाले श्री कल्कि धाम मंदिर की भव्यता और सौन्दर्य भी अयोध्या के राम मंदिर की तरह ही होगा।
पत्थरों का बनेगा मंदिर
मंदिर की ऊंचाई की बात करें, तो इस मंदिर का निर्माण 11 फीट ऊंचे चबूतरे पर होगा और इसके शिखर की ऊंचाई 108 फीट रखी जाएगी। इस मंदिर में 68 तीर्थों की स्थापना होगी। कहा जा रहा है कि इस मंदिर में कहीं भी लोहे या स्टील का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा, बल्कि पत्थरों से ही मंदिर को बनाया जाएगा। कल्कि धाम मंदिर 5 एकड़ में बनकर तैयार होगा।
मंदिर का निर्माण बंसी पहाड़पुर के गुलाबी पत्थरों से होने वाला है। कल्कि धाम मंदिर में करीब 10 गर्भगृह होंगे। भगवान के अलग-अलग 10 अवतारों की मूर्तियां यहां स्थापित होंगी।
अगले 5 साल में बनकर तैयार होगा मंदिर
कल्कि मंदिर कार्यक्रम में शामिल होने करीब 11,000 लोग आ रहे हैं। संभल, आचार्य प्रमोद का कार्यक्षेत्र माना जाता है। यह प्रोजेक्ट अगले 5 साल में पूरा होगा। देशभर से गणमान्य संत और नेता इस कार्यक्रम में शरीक होने आए हैं।
प्रधानमंत्री ने संभल से क्या-क्या कहा?
पीएम मोदी ने कहा, आज यूपी की धरती से भक्ति, भाव और अध्यात्म की एक और धारा प्रवाहित होने को लालायित है। आज पूज्य संतों की साधना और जनमानस की भावना से एक और पवित्र धाम की नींव रखी जा रही है। अभी आप सभी की उपस्थिति में मुझे भव्य कल्कि धाम के शिलान्यास का सौभाग्य मिला है। मुझे विश्वास है कि कल्कि धाम भारतीय आस्था के एक और विराट केंद्र के रूप में उभरकर सामने आएगा।
छत्रपति शिवाजी महाराज को किया नमन
उन्होंने आगे कहा, कई ऐसे अच्छे काम हैं, जो कुछ लोग मेरे लिए ही छोड़ कर चले गए हैं। आगे भी जितने अच्छे काम रह गए हैं, उनको भी संतों और जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से हम पूरा करेंगे। आज छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्म-जयंती भी है। ये दिन इसलिए और भी पवित्र और प्रेरणादायक हो जाता है। आज हम देश में जो सांस्कृतिक पुनरोदय देख रहे हैं, अपनी पहचान पर गर्व कर रहे हैं, ये प्रेरणा हमें छत्रपति शिवाजी महाराज से ही मिलती है। मैं इस अवसर पर छत्रपति शिवाजी महाराज के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं।
READ ALSO: अखिलेश यादव का बड़ा बयान, सीटों के बंटवारे के बाद ही सपा न्याय यात्रा में होगी शामिल

