– मंत्री बन्ना गुप्ता ने नोवामुंडी व झींकपानी प्रखंड के खाद्य आपूर्ति गोदाम को कराया सील

– स्टाक पंजी में मिली गड़बड़ी, आज मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में फिर से जांच करेंगे
नोवामुंडी : Jharkhandi Health Minister Banna Gupta: स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने गुरुवार को नोवामुंडी व झींकपानी प्रखंड के खाद्य आपूर्ति गोदाम का औचक निरीक्षण किया। पहले मंत्री बन्ना गुप्ता ने झींकपानी प्रखंड के आपूर्ति गोदाम में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुराने सड़े हुए 1632 बोरे चीनी, 200 बोरे गेहूं, वर्ष 2017 की तीन बोरे नमक मिला है जो भाजपा सरकार के समय का है। उसे सील करने का निर्देश दिया।
यहां निरीक्षण के बाद मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि गोदाम में काफी मात्रा में गड़बड़ी हुई है। जांच प्रक्रिया खत्म होने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। फिलहाल झींकपानी गोदाम को सील करने का आदेश दिया गया है।
यहां के बाद मंत्री नोवामुंडी प्रखंड खाद्य आपूर्ति गोदाम में पहुंचे और यहां रखे गये अनाज व चीनी की स्टॉक पंजी समेत डिस्पैच रजिस्टर का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान समय के अनुरूप गोदाम के स्टाक पंजी व डिस्पैच रजिस्टर नहीं दिखाये जाने पर मंत्री बन्ना गुप्ता काफी नाराज थे।
उन्होंने सहायक गोदाम प्रबंधक रविन्द्र सिंहदेव को फटकार लगाते हुए कहा कि नोवामुंडी प्रखंड गोदाम में 2017 और 2019 के नमक बोरा खुले आसमान के नीचे फेंका गया है जो गोदाम प्रबंधक की लापरवाही को दर्शाता है। गोदाम में रखे गये स्टाक व वितरित पंजी में सही तरह से कोई मेंटन नहीं किया गया है।
उन्होंने सहायक गोदाम प्रबंधक को बताया कि नोवामुंडी खाद्य आपूर्ति गोदाम निरीक्षण के लिये आये हैं तो पाई-पाई का हिसाब लेंगे। गड़बड़ी होने पर छोड़ने वाले में से नहीं हैं। बताया कि यह कोई मारवाड़ी की दुकान नहीं है। दो बोरे अनाज पकड़ाने पर 7 एसी दर्ज कर छोड़ दिया जाता है।
एफआईसी गोदाम से कितने मात्रा में अनाज प्रखंड गोदाम पहुंचा है? प्रखंड गोदाम से कब और किस तिथि को कितने मात्रा में अनाज का उठाव हुआ है? इसका पूरा ब्योरा हर हाल में देना होगा।
उसके बाद गोदाम प्रबंधक के पास मिले आधे अधूरे ब्योरा को लेकर निकल गये। नोवामुंडी सीओ सह आपूर्ति पदाधिकारी मनोज कुमार को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए बोला कि जांच के बाद गड़बड़ी मिली तो सीबीआई को लिखा जायेगा। गोदाम में पहुंचा चावल राज्य सरकार के साथ केंद्र सरकार का भी है।
मंत्री बन्ना गुप्ता ने 4:30 बजे से रात 8:30 बजे तक गोदाम में बैठकर रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने देर होने के कारण उपायुक्त कुलदीप चौधरी से बातचीत कर नोवामुंडी प्रखंड गोदाम को सील कर दिया है।
शुक्रवार को सुबह मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में गोदाम का सील खोलने के बाद फिर से जांच कार्य शुरू होगा। मौके पर जगन्नाथपुर एसडीओ मुकेश मछुआ,नोवामुंडी सीओ सह प्रखंड पदाधिकारी मनोज कुमार,नोवामुंडी बीडीओ अनुज वांडो,प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सह सहायक गोदाम प्रबंधक रविन्द्र सिंहदेव आदि मौजूद थे।

