रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में कोयला तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार रात रजरप्पा और गोला थाना क्षेत्रों में पुलिस की स्पेशल टीम ने छापेमारी कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से अवैध कोयला लदी गाड़ियां जब्त कीं। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग ने तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गुप्त सूचना पर बड़ी छापेमारी
रामगढ़ के एसपी अजय कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि रजरप्पा से अवैध कोयला लाकर गोला थाना क्षेत्र से उसे पास किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस की क्यूआरटी टीम ने गोला थाना के भैरवी पुल के पास छापेमारी की और एक अवैध कोयला लदी पिकअप वैन (जेएच 01 एटी 6531) को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में चार तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया।
रजरप्पा में भी मिली बड़ी कामयाबी
स्पेशल टीम ने रजरप्पा थाना क्षेत्र के मंदिर घाट के पास भी छापेमारी की और भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया। इस दौरान वेट मशीन भी जब्त की गई, जिसका इस्तेमाल तस्कर कोयले का वजन करने में कर रहे थे। इस जानकारी के बाद रजरप्पा पुलिस को भी सूचित किया गया।
पुलिस अधिकारियों पर हो सकती है कार्रवाई
रामगढ़ एसपी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से रजरप्पा और गोला थाना क्षेत्रों से कोयला तस्करी की कई सूचनाएं मिल रही थीं, लेकिन इसके बावजूद तस्करों का अवैध कारोबार लगातार जारी था। इस संबंध में उन्होंने दोनों थाना प्रभारियों को कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके, तस्करी का कारोबार पुलिस की नाक के नीचे चलता रहा, जिससे अब दोनों थाना प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
सिल्ली में कोयला का खपाया जाना
अवैध कोयला तस्करी का एक बड़ा हिस्सा रामगढ़ के सिल्ली क्षेत्र में खपाया जा रहा था। रजरप्पा और गोला से अवैध कोयला सिल्ली के स्वर्ण रेखा नदी के किनारे स्थित हार्ड कोक में भंडारण किया जा रहा था। इसके बाद इस कोयले को ट्रकों में भरकर मंडी में भेजा जाता था। इस बड़े ऑपरेशन के बाद पुलिस ने तस्करी के इस रैकेट को रोकने में सफलता प्राप्त की है, और अब इस मामले में और भी कई गिरफ्तारियां संभव हैं।

