पटना : बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर लगे पोस्टर इन दिनों सभी का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। इन पोस्टरों में कुछ संदेश है, तो कुछ चेहरे, जो बिहार की राजनीति का मिजाज समझा रहे हैं। पटना के वीरचंद पटेल पथ पर लगे ये पोस्टर राजनीतिक बदलाव का संकेत दे रहे हैं। वीरचंद पटेल पथ हमेशा से राजनीतिक हलचलों का गढ़ माना जाता रहा है।

सीनियर नेताओं के साथ दिखे फ्रेम में
होली के अगले दिन जेडीयू ऑफिस के बाहर एक पोस्टर लगाया गया। इस पर लिखा था- बिहार की मांग सुन लिए निशांत, बहुत-बहुत धन्यवाद। इस पोस्टर से पहले बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने होली मिलन समारोह का आयोजन किया, जहां केंद्र में रहे उनके बेटे निशांत कुमार।
राजनीति में एंट्री की खबरों के बीच निशांत जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं से घुलते-मिलते दिखे। यह किसी सामाजिक कार्यक्रम में उनकी पहली पब्लिक अपीयरेंस थी। निशांत कुमार, कैबिनेट मंत्री विजय कुमार चौधरी और जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के साथ फ्रेम में भी दिखे। खबर है कि सबकुछ तय है, केवल निशांत के नाम की ऑफिशियल घोषणा बाकी है।
निशांत जेडीयू में कब होंगे शामिल
किसी भी दिन निशांत जेडीयू की सदस्यता ले सकते हैं। निशांत भी तैयारी में जुटे हैं। अब तक वे तीन बार मीडिया से भी मुखातिब हो चुके हैं। हालांकि इस दौरान वे कुछ भी बोलने से बचते दिखे। होली मिलन समारोह में पहुंचने वाले सभी नेता निशांत से भी मिले। एक पार्टी नेता ने बताया कि यह राजनीतिक चर्चा का दिन नहीं था। लेकिन, पार्टी के सीनियर लीडर्स और कार्यकर्ताओं के लिए संदेश स्पष्ट था। निशांत कुमार जल्द ही नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी बनने वाले हैं।
कोई नहीं टिक पाया अब तक पावर सेंटर
इस पर सीनियर लीडर विजय कुमार चौधरी ने भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि नीतीश कुमार ने ही जेडीयू को खड़ा किया है। इसलिए अंतिम फैसला भी उन्हीं का होगा। निशांत राजनीति में आएंगे या नहीं, इसका निर्णय केवल नीतीश कुमार ही लेंगे। पार्टी नेतृत्व और भविष्य को लेकर फैसले का अधिकार उनका है।
गौरतलब है कि बिहार में पावर किसके हाथ में है, यह बात बेहद महत्वपूर्ण है। नीतीश कुमार ने कभी भी किसी को पावर सेंटर नहीं बनने दिया, जबकि पार्टी में जॉर्ज फर्नांडीस, उपेंद्र कुशवाहा, लल्लन सिंह, आरसीपी सिंह, जीतन राम मांझी और प्रशांत किशोर जैसे कई चेहरे रहे, लेकिन कोई भी प्रमुखता से पावर सेंटर की जगह नहीं ले पाया।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
राजनीति में निशांत की एंड्री पर राजद नेता तेजस्वी यादव का कहना है कि हम निशांत का राजनीति में स्वागत करेंगे। उन्हें अब समय बर्बाद न करते हुए राजनीति में शामिल हो जाना चाहिए, नहीं तो बीजेपी जेडीयू को निगल जाएगी। कांग्रेस नेता तारिक अनवर का कहना है कि यह तो होना ही था, नीतीश कुमार हमेशा से चाहते थे कि निशांत राजनीति में आएं। लेकिन, अब शायद निशांत ने राजनीति में आने का मन बना लिया है, इसलिए यह सब हो रहा है।

