प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर तरुण पांडेय ने रविवार शाम प्रयागराज स्थित अपने आवास पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। म्योर रोड पर स्थित अपने मकान में उन्होंने अपनी सर्विस राइफल से अपने सिर में गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर तरुण पांडेय पिछले चार महीने से मेडिकल अवकाश पर थे और प्रयागराज स्थित अपने घर पर ही रह रहे थे। वह मूल रूप से गोंडा जिले के नवाबगंज के रहने वाले थे और उन्होंने कई वर्ष पहले प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र के म्योर रोड पर अपना मकान बनवाया था।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर की पत्नी पूनम पांडेय अपने बेटे ईशान के पास बेंगलुरु गई हुई थीं। इस दौरान इंस्पेक्टर तरुण घर पर अकेले थे। रविवार की सुबह वह कहीं से अपने मकान पर लौटे थे। शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक उनके घर के अंदर से गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी घबरा गए और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने इंस्पेक्टर तरुण के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस उनके पारिवारिक सदस्यों और करीबियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस दुखद घटना के पीछे के कारणों का पता चल सके।
Read Also- UP: रामनवमी की शोभायात्रा में बवाल, पुलिस और भक्तों के बीच झड़प, जानिए इसके पीछे की वजह

