लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा ज़िले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति को लेकर मंगलवार को जिला परिषद सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विकास से संबंधित दर्जनों मुद्दों पर चर्चा की गई और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

अधूरी योजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश
बैठक में प्रखंडवार अधूरी योजनाओं पर विशेष चर्चा की गई। पेशरार प्रखंड के ओनेगड़ा में अधूरे पुल निर्माण का मामला उठाया गया। भण्डरा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में पेयजल संकट की ओर ध्यान दिलाया गया। भैसमुंदो में सड़क चौड़ीकरण में मुआवजा वितरण की समस्या भी सामने आई। इन सभी मामलों पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जलापूर्ति और जल-नल योजना पर समीक्षा
नंदिनी जलाशय से जलापूर्ति में हो रही बाधा पर सदस्यों ने चिंता जताई। सभी प्रखंडों में जल-नल योजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई और स्थानीय समस्याओं की पहचान कर शीघ्र समाधान की बात कही गई।
स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क सुरक्षा पर भी हुई चर्चा
पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य जांच शिविर और ब्लड डोनेशन कैंप लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। सदर अस्पताल में ओपीडी सेवा में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। घुमावदार सड़कों पर मिरर लगाने की आवश्यकता जताई गई ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। बैठक में बिजली, पुल, और पठन-पाठन पर भी रखे गए सुझाव रखे गये। साथ ही किस्को प्रखंड में बालाटोली पुल की मरम्मत, बिजली तारों को मानक ऊंचाई पर स्थापित करने, स्थानीय पुस्तकालयों में छात्रों के लिए काउंसलिंग व्यवस्था शुरू करने की मांग की गई।
हाथी उत्पात और कानून व्यवस्था को लेकर विशेष निर्णय
कुडू प्रखंड में अक्सर हाथियों के कारण फसलों और संपत्ति को नुकसान होता है। इस पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव आया ताकि समस्या की निगरानी की जा सके। साथ ही, विधि व्यवस्था सुधार को लेकर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ये थे उपस्थित
बैठक में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, सभी प्रखंड प्रमुख और अन्य सदस्य उपस्थित थे। बैठक के समापन पर अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा, “हर योजना में पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए ताकि विकास का लाभ आम जनता तक पहुंचे।”

