Jamshedpur : बागबेड़ा के हरहरगुट्टू में पुराने विवाद में कुछ लोगों ने रंजीत पांडेय की दुकान बंद करा दी। दरअसल, जब रंजीत पांडेय दुकान खोल रहे थे तभी वहां आरोपित पहुंच गए और धमकी देते हुए दुकान बंद करा दी। बताते हैं कि तीन दिन तक दुकान बंद रही। बाद में पुलिस ने जानकारी मिलने के बाद हस्तक्षेप कर दुकान खुलवाई। अब पुलिस इस मामले में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
रंजीत पांडेय हरहरगुट्टू के जोगी होटल के पास के रहने वाले हैं। उनकी हरहरगुट्टू में साईं मेडिकल के नाम से दुकान है।

बताते हैं कि उनका उमा शंकर सिंह एवं अन्य से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। यह किसी हादसे के बाद पैसे के लेन-देन का मामला है। बताते हैं कि इसी विवाद में आरोपी आठ मई को साईं मेडिकल स्टोर पर पहुंचे और वहां झगड़ा हुआ। रंजीत पांडेय का आरोप है कि उमा शंकर सिंह के साथ समरजीत सिंह, अजय सिंह और अन्य लोग थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है कि मामला क्या है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
जान मारने की दी धमकी, प्राथमिकी दर्ज
बागबेड़ा के घाघीडीह गंगोत्री कालोनी की सावित्री कुमारी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि मथुरा प्रसाद ने अपने परिवार के साथ मिल कर उनके साथ मारपीट की है। यही नहीं उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई है। घटना 12 मई की बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
बहरागोड़ा में चार लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए
बहरागोड़ा की बिजली आपूर्ति प्रशाखा के जूनियर इंजीनियर सुशांत कुमार हेंब्रम ने कई गांवों में छापामारी की है। इस मामले में उन्होंने भुरसान के राजकुमार दास, इचराशोल के राजीव कुमार गिरी, बहरागोड़ा के मनोज कुमार डे और कालियाडांगा के सुधांशु शेखर को बिजली चोरी करते पकड़ा है। बहरागोड़ा थाने में इन चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। गुरुवार को पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गोविंदपुर में भी चार पर बिजली चोरी की प्राथमिकी
गोविंदपुर की बिजली आपूर्ति प्रशाखा के जूनियर इंजीनियर दिवाकर उरांव ने कई गांवों में छापामारी की है। इस मामले में उन्होंने कामधेनू रोड के रहने वाले जगप्रीत सिंह, भोलाबागान के जयप्रकाश पटेल, अमरावती देवी और मनोज कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
Read also Jamshedpur Connecting Flyover : जमशेदपुर में बनेगा कनेक्टिंग फ्लाईओवर, खाका हो रहा तैयार

