Home » Hazaribagh Crime News : हजारीबाग के केरेडारी में टीएसपीसी उग्रवादियों का हमला, BGR कंपनी के दो वाहन जलाए

Hazaribagh Crime News : हजारीबाग के केरेडारी में टीएसपीसी उग्रवादियों का हमला, BGR कंपनी के दो वाहन जलाए

by Rakesh Pandey
tspc-naxalites-opened-fire-and-set-two-vehicles-on-fire-in-hazaribag-jharkhand-
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के पगार ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत केरेडारी में रविवार रात उग्रवादियों ने एक बार फिर उत्पात मचाया। टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के उग्रवादियों ने केडी कोल परियोजना में कार्यरत बीजीआर कंपनी के दो स्कैनिया वाहनों में आग लगा दी।

रात 8 बजे ताबड़तोड़ फायरिंग और आगजनी

यह हमला रविवार, 1 जून की रात करीब 8 बजे हुआ। उग्रवादियों ने पहले वाहनों पर अंधाधुंध गोलीबारी की, उसके बाद दोनों वाहनों को आग के हवाले कर दिया। घटना के दौरान एक युवक के घायल होने की भी खबर है। आगजनी की यह घटना इलाके में दहशत का माहौल बना रही है, क्योंकि दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए।

पुलिस मौके पर, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पगार ओपी प्रभारी विक्की ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से टीएसपीसी के सब-जोनल कमांडर कौशलजी के नाम से एक पत्र बरामद किया है। थाना प्रभारी के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।

धमकी भरा पत्र बरामद, कंपनियों को चेतावनी

उग्रवादियों द्वारा छोड़े गए पत्र में एनटीपीसी, सीसीएल, एलएंडटी सहित डीओ होल्डर कंपनियों को चेतावनी दी गई है कि वे टीएसपीसी संगठन से बातचीत किए बिना कोई भी काम शुरू न करें। पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि चेतावनी की अनदेखी की गई, तो अगली बार और भी बड़ी घटना को अंजाम दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित कंपनियों पर होगी।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

इस हमले के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके में गश्ती तेज कर दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

Read Also- Jharkhand Weather Today : झारखंड में गर्मी ने पकड़ी तेज रफ्तार, इन जिलों का तापमान पहुंचा 38 डिग्री सेल्सियस

Related Articles