Home » Potka News : पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया का कहर जारी : दो और मौतों के बाद मृतकों की संख्या सात, ब्रेन मलेरिया के बढ़ते मामलों से बढ़ी चिंता

Potka News : पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया का कहर जारी : दो और मौतों के बाद मृतकों की संख्या सात, ब्रेन मलेरिया के बढ़ते मामलों से बढ़ी चिंता

by Mujtaba Haider Rizvi
Potka News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया का प्रकोप लगातार गंभीर होता जा रहा है। बुधवार को दो और मरीजों की मौत के बाद जिले में मलेरिया से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पोटका में कैंप कर रही है।
लगातार बढ़ रहे संक्रमण के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाए जाने के बावजूद हर दिन नए मरीज मिल रहे हैं, जिससे खासकर ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है।

बुधवार को एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा निवासी 50 वर्षीय मेरी बंडारा का इलाज के दौरान टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में निधन हो गया। वह मलेरिया के साथ-साथ निमोनिया और पीलिया से भी पीड़ित थीं। पहले उन्हें मर्सी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर 2 जुलाई को टीएमएच रेफर किया गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की स्थिति को देखते हुए सांसद जोबा मांझी के हस्तक्षेप के बाद टीएमएच प्रबंधन ने इलाज का पूरा खर्च माफ कर दिया।

वहीं दूसरी ओर पोटका निवासी गणेश सरदार की पांच वर्षीय बेटी राखी सरदार भी ब्रेन मलेरिया से जिंदगी की जंग हार गई। पांच जुलाई को गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल से एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया था, जहां जांच में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई। वेंटिलेटर पर इलाज के बावजूद बुधवार को उसकी मौत हो गई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुधवार को जिले में 12,518 लोगों की जांच की गई, जिसमें 128 नए मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई। इनमें सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि 98 मरीज ब्रेन मलेरिया से संक्रमित पाए गए, जबकि केवल 28 मरीज सामान्य मलेरिया के हैं। लगातार ब्रेन मलेरिया के बढ़ते मामलों ने चिकित्सकों की चिंता और बढ़ा दी है।

पिछले 11 दिनों में जिले में कुल 52,480 लोगों की मलेरिया जांच की जा चुकी है। जिला प्रशासन का कहना है कि गांव-गांव स्क्रीनिंग, दवा वितरण, फॉगिंग और जागरूकता अभियान तेज कर दिए गए हैं, लेकिन संक्रमण की रफ्तार अभी भी थमती नजर नहीं आ रही है।

पिछले 10 दिनों में मिले नए मरीज

तिथिनए मरीज
29 जून48
30 जून101
1 जुलाई320
2 जुलाई255
3 जुलाई121
4 जुलाई221
5 जुलाई108
6 जुलाई88
7 जुलाई112
8 जुलाई128

स्वास्थ्य विभाग ने पूरे जिले में अलर्ट जारी करते हुए लोगों से घरों और आसपास जलजमाव नहीं होने देने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की है।

Read Also- Chaibasa DC News : सदर अस्पताल का DC ने किया औचक निरीक्षण, लापरवाही मिलने पर दी सख्त हिदायत

Related Articles

Leave a Comment