Home » Jamshedpur Gang War : गणेश सिंह गिरोह के सदस्यों की हत्या करने आए दो शूटर मानगो बस स्टैंड के पास हथियार के साथ गिरफ्तार

Jamshedpur Gang War : गणेश सिंह गिरोह के सदस्यों की हत्या करने आए दो शूटर मानगो बस स्टैंड के पास हथियार के साथ गिरफ्तार

Jamshedpur Gang War : पूछताछ में पुलिस के मुताबिक दोनों ने बताया कि वे जमशेदपुर निवासी सिंटू सिंह उर्फ अभिमन्यु सिंह और अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव के कथित कहने पर हत्या की सुपारी के सिलसिले में शहर आए थे।

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur Gang War
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : शहर में एक बार फिर संभावित गैंगवार और हत्या की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सीतारामडेरा थाना पुलिस ने मानगो बस स्टैंड के पास हथियार के साथ घूम रहे उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों जमशेदपुर के कुख्यात अपराधी गणेश सिंह गिरोह के एक सदस्य की हत्या को अंजाम देने के इरादे से शहर पहुंचे थे।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक हथियार के साथ मानगो बस स्टैंड के आसपास घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर सीतारामडेरा पुलिस ने तत्काल छापेमारी टीम गठित की। टीम जब मानगो बस स्टैंड से पहले पाण्डेय घाट के पास पहुंची, तो दो संदिग्ध युवक शौचालय के पीछे छिपने का प्रयास करते नजर आए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुल्तानपुर निवासी 38 वर्षीय प्रदीप सिंह और 24 वर्षीय अभिनय यादव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान प्रदीप सिंह के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक दोनों ने बताया कि वे जमशेदपुर निवासी सिंटू सिंह उर्फ अभिमन्यु सिंह और अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव के कथित कहने पर हत्या की सुपारी के सिलसिले में शहर आए थे। पुलिस का कहना है कि दोनों को सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा स्थित अशोक कुमार के मकान में सुनील रजक के माध्यम से ठहराया गया था। आरोप है कि उन्हें हथियार और गोलियां भी उपलब्ध कराई गई थीं।

हालांकि, पुलिस के अनुसार जिस व्यक्ति को निशाना बनाया जाना था, उसका नाम और पूरी जानकारी अभी शूटरों को नहीं दी गई थी। दोनों कथित तौर पर टारगेट और सुपारी की रकम तय होने का इंतजार कर रहे थे।

निखार सबलोक हत्याकांड से भी जुड़ा कनेक्शन

पूछताछ के दौरान पुलिस को एक अन्य मामले से जुड़ी जानकारी भी मिली। पुलिस के मुताबिक, दोनों शूटर इससे पहले 19 अगस्त को एक अन्य सहयोगी राहुल विश्वकर्मा के साथ जमशेदपुर आए थे। उस दौरान कथित तौर पर कारोबारी निखार सबलोक की हत्या की योजना थी।

पुलिस का दावा है कि सुपारी की रकम के एडवांस को लेकर सिंटू सिंह के साथ विवाद होने के बाद तीनों बिना वारदात को अंजाम दिए उत्तर प्रदेश लौट गए थे। बाद में निखार सबलोक की हत्या के बाद सिंटू सिंह और अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव के कथित बुलावे पर दोनों शूटर दोबारा जमशेदपुर पहुंचे।

इस बार कथित तौर पर गणेश सिंह गिरोह के एक अन्य सदस्य को निशाना बनाने की तैयारी थी। दोनों टारगेट की पूरी जानकारी और सुपारी की रकम तय होने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, मामले में सिंटू सिंह उर्फ अभिमन्यु सिंह, अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव, सुनील रजक समेत अन्य संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई को जमशेदपुर में संभावित हत्या और गैंगवार की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम करने की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।

Read Also: Kolhan University : 7वां दीक्षांत समारोह 29 सितंबर को, 10 सितंबर तक जमा होंगे रजिस्ट्रेशन फॉर्म

Related Articles

Leave a Comment