
Jamshedpur (Jharkhand) : बेरमो के विधायक एवं कांग्रेस नेता कुमार जय मंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह गुरुवार को जमशेदपुर परिसदन पहुंचे। यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
मीडिया से बातचीत में अनूप सिंह ने टाटा स्टील के कर्मचारियों को 315 करोड़ रुपये के बोनस दिए जाने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बोनस मिलने पर कंपनी के कर्मचारियों और यूनियन नेताओं को बधाई दी जानी चाहिए। हालांकि उन्होंने कहा कि इस बार सेफ्टी बोनस नहीं मिल पाने का उन्हें दुख है।
अनूप सिंह ने टाटा स्टील की कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि एक समय टाटा कंपनी का मुनाफा करीब 314-315 करोड़ रुपये हुआ करता था, जबकि आज इतनी बड़ी राशि कर्मचारियों के बीच बोनस के रूप में बांटी जा रही है। उन्होंने कहा कि टाटा देश की उन प्रमुख कंपनियों में शामिल है, जो सबसे पहले अपने कर्मचारियों को बोनस देती है। उन्होंने कहा कि टाटा सिर्फ एक कंपनी नहीं, बल्कि हिंदुस्तान को आगे बढ़ाने की सोच है। इस दौरान उन्होंने टाटा समूह के दिवंगत चेयरमैन रतन टाटा को भी याद किया।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए अनूप सिंह ने कहा कि टाटा के लिए केंद्र सरकार पर्याप्त सहयोग नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि टाटा देश की पुरानी और महत्वपूर्ण कंपनी है तथा उसे आगे बढ़ने और मजबूती से काम करने के लिए बेहतर सरकारी सहयोग की जरूरत है। केंद्र को उन कंपनियों की मदद करनी चाहिए, जिन्होंने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में जाति, धर्म और राज्य की सीमाओं से ऊपर उठकर हिंदुस्तान की विचारधारा को धरातल पर उतारने का काम कर रही है।
सेस हटाए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पहले सेस का लाभ राज्य सरकार को मिलता था, लेकिन केंद्र सरकार इसे खत्म कर रही है। उनके मुताबिक, इससे उद्योगपतियों को फायदा होगा और भविष्य में यह एक बड़े घोटाले को जन्म दे सकता है। पर्यावरण और खनिज संपदा के मुद्दे पर अनूप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार पर्यावरण संरक्षण की बात तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित काम नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश के पास मौजूद खनिज संपदा को विकास का आधार बनाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि खनिज संसाधनों के मामले में भारत चीन पर निर्भर नहीं रह सकता।

