
Jamshedpur : युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी अभिमन्यू सिंह उर्फ सिंटू सिंह को जमशेदपुर पुलिस ने दिल्ली के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद से सिंटू सिंह उत्तर प्रदेश और दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था। पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी।
गुरुवार को जमशेदपुर पुलिस की टीम ने दिल्ली स्थित होटल में दबिश दी, जहां सिंटू सिंह ठहरा हुआ था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि निखार सबलोक हत्याकांड में सिंटू सिंह ने व्यवस्थापक की भूमिका निभाई थी। आरोप है कि उसने ही हत्यारों को एकजुट किया और अशोक सिंह राघव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
गौरतलब है कि 24 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे शहर के चर्चित होटल कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घर से निकलने के बाद वह चांडिल थाना क्षेत्र स्थित होटल टेंथ माइल स्टोन पहुंचे थे। यहां उन्हें चांडिल निवासी सुखलाल पहाड़िया और उनके साथी मनमन सिंह व गुरुचरण सिंह से जमीन के सिलसिले में बातचीत करनी थी। संबंधित जमीन होटल से कुछ दूरी पर स्थित है, जहां निर्माण कार्य शुरू किया जाना था।
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात से पहले हमलावरों ने इलाके की रेकी की थी और निखार के होटल पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। दोस्तों से बातचीत के बाद जैसे ही निखार होटल से बाहर निकले, अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। निखार को 11 गोलियां लगी थीं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई थी।
सिंटू सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब हत्याकांड की साजिश, शूटरों से उसके संपर्क और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है।

