RANCHI (JHARKHAND): रांची नगर निगम ने शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण मोर्चों पर एक साथ कार्रवाई तेज कर दी हैं। सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए अपर प्रशासक संजय कुमार की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में स्वच्छता शाखा की समीक्षा बैठक हुई। वहीं, उप प्रशासक रविंद्र कुमार की निगरानी में डेंगू-मलेरिया जैसे मच्छर जनित रोगों की रोकथाम हेतु विशेष अभियान की समीक्षा की गई। साथ ही स्कूल-कॉलेज और धार्मिक स्थलों के 300 मीटर के दायरे में मांस-मछली और तंबाकू बिक्री पर प्रतिबंध को लेकर डोरंडा क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की गई।
स्वच्छता अभियान को लेकर निर्देश
बैठक में निर्देश दिए गए कि मुख्य सड़क और गली मोहल्लों से सुबह में ही कूड़ा हटाया जाए, ताकि नागरिकों के जागने से पहले ही सफाई दिखे। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने और तीन दिन से अधिक समय तक कूड़ा नहीं उठने पर एजेंसी पर कार्रवाई की बात कही गई। सड़क किनारे कूड़ा डंप करने वालों की पहचान कर दंडात्मक कार्रवाई के आदेश भी दिए गए।
मच्छर जनित रोगों से बचाव
मानसून के दौरान मलेरिया और डेंगू से बचाव हेतु सभी वार्डों में सुबह-शाम फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवा के छिड़काव के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर रोजाना फॉगिंग शेड्यूल जारी करने, पंपलेट वितरण और माइकिंग से जागरूकता फैलाने की योजना बनाई गई।
अतिक्रमण पर निगम की सख्ती
प्रशासक के निर्देशानुसार नगर निगम, जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने डोरंडा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। डोरंडा कॉलेज, लॉरेटो स्कूल, निर्मला कॉलेज और सेंट जेवियर्स स्कूल के आसपास से मीट, मछली और तंबाकू बेचने वाली अवैध दुकानों को हटाया गया। 15 ठेले व गुमटी जब्त की गईं और दुकानदारों को चेतावनी दी गई। प्रशासक ने स्पष्ट किया कि यह कदम बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा के अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है और उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

