Jamshedpur (Jharkhand) : विचारों की परिपक्वता जब अनुभूति के धरातल से जुड़ती है, तो वह समाज के लिए मार्गदर्शक बन जाती है। इसी सृजनशील भावभूमि पर जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी शिक्षा संकाय की प्राध्यापिका डॉ. त्रिपुरा झा ने एक पुस्तक ‘Living in Relationship’ लिखी है। गुरुवार को उन्होंने यूनिवर्सिटी की प्रभारी कुलपति डॉ. अंजिला गुप्ता को यह पुस्तक भेंट की।
पुस्तक लिखने की प्रेरणा
डॉ अंजिला गुप्ता ने इस पुस्तक को लिखने की प्रेरणा के बारे में पूछा। इस पर डॉ. त्रिपुरा झा ने बताया कि आधुनिक समाज में बदलते पारिवारिक ढांचे, व्यक्तिगत स्वतंत्रता की बढ़ती आकांक्षा और मूल्यों में हो रहे क्षरण ने उन्हें इस विषय पर गहराई से सोचने और लिखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक ‘लिव-इन रिलेशनशिप’ जैसे संवेदनशील और समकालीन सामाजिक मुद्दे पर एक संतुलित दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है, जो पाठकों को केवल विचार नहीं, बल्कि आत्मचिंतन के लिए भी प्रेरित करती है।
कुलपति ने की सराहना
डॉ. अंजिला गुप्ता ने पुस्तक की विषयवस्तु और उद्देश्य की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक प्रयास समाज को नई सोच और संवाद की दिशा देगी। डॉ. गुप्ता ने यह भी कहा कि वह इस पुस्तक का अध्ययन कर उसपर अपनी प्रतिक्रिया अवश्य साझा करेंगी।

