Ramgarh: भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग युवती के अपहरण मामले में पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर उसे सकुशल बरामद कर लिया। भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेन्द्र कुमार ने बताया कि युवती को बहला-फुसलाकर ले जाया गया था। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी शुरू की और पीड़िता को पिठोरिया क्षेत्र से सुरक्षित खोज निकाला। पुलिस ने आरोपी रसदा बस्ती के महुआ टोली निवासी 19 वर्षीय तन्नू पाहन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गांजा खरीद-बिक्री करते दो तस्कर गिरफ्तार, 60 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद
भुरकुंडा पुलिस ने नशे के अवैध नेटवर्क पर चोट करते हुए दो तस्करों को गांजा की खरीद-बिक्री के दौरान धर दबोचा। एसपी अजय कुमार के निर्देश पर ओपी प्रभारी उपेन्द्र कुमार के नेतृत्व में सयाल टीना साइड में रेड की गई। यहां 52 वर्षीय उमेश प्रसाद गांजा बेचते पकड़ा गया, जबकि 22 वर्षीय सलमान अंसारी गांजा खरीद रहा था। दोनों की तलाशी लेने पर 60 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। मामले में केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

