RANCHI: गोवा की घटना के बाद झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी एक्शन मोड में है। उन्होंने रविवार को सभी जिलों के डीसी को एक आदेश जारी किया है। जिसके तहत राज्य में संचालित सभी रूफटॉप बार, रेस्टोरेंट और होटलों की सुरक्षा मानकों की जांच कर रिपोर्ट मांगी है। वहीं एक सप्ताह के अंदर ऐसे सभी स्थलों की फायर सेफ्टी, संरचनात्मक मजबूती और खाद्य सुरक्षा की विस्तृत जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपने का निर्देश दिया है। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन सरकार जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

झारखंड में हुई घटना तो नपेंगे अधिकारी
उन्होंने होटल–रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देशित किया कि किचन की नियमित साफ-सफाई, गैस पाइपलाइन और चिमनी सिस्टम की तकनीकी जांच कराएं। फायर सेफ्टी उपकरण और इमरजेंसी एग्जिट की 100% कार्यशीलता सुनिश्चित करना अनिवार्य है। गोवा में हुई घटना में झारखंड के तीन युवकों की मौत पर गहरी चिंता प्रकट करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अलर्ट मोड पर है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि झारखंड में गोवा जैसी घटना हुई तो जिम्मेदार अधिकारी सीधे नपेंगे।
साथ ही उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रत्येक परिवार को ₹1 करोड़ मुआवजा देने की मांग की और गोवा सरकार से पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि झारखंड और रांची के मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार स्तर पर आर्थिक सहायता दिलाने के लिए वे स्वयं मुख्यमंत्री से मिलकर पहल करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और स्वास्थ्य की पूर्ण जिम्मेदारी सरकार की है। झारखंड पूरी तरह सतर्क है। वहीं राज्यभर में होटल, रेस्टोरेंट, बार और अस्पतालों की फायर सेफ्टी जांच तत्काल कराने का आदेश दिया गया है।
READ ALSO: HEC NEWS: एचईसी संकट पर ट्रेड यूनियन हुए एकजुट, जानें क्या होगा 10 दिसंबर को

