Home » Palamu News : चैनपुर के शाहपुर में बंद घर से 15 लाख के जेवर और 85 हजार नकद चोरी, सीसीटीवी व डीवीआर भी ले गए चोर

Palamu News : चैनपुर के शाहपुर में बंद घर से 15 लाख के जेवर और 85 हजार नकद चोरी, सीसीटीवी व डीवीआर भी ले गए चोर

by Mujtaba Haider Rizvi
"Palamu Chainpur Shahpur house theft, stolen jewellery and cash, CCTV and DVR taken by thieves"
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu : पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से सटे चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में चोरों ने एक बंद पड़े घर को निशाना बनाया है। चोरों ने यहां बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर की बाउंड्री के भीतर लगे ग्रिल समेत सभी कमरों के ताले तोड़कर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और 85 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात के बाद चोर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी काटकर अपने साथ ले गए, जिससे घटना से जुड़ा कोई फुटेज नहीं मिल सका है।

गौरतलब है कि यह चोरी शाहपुर शिव दुर्गा मंदिर के पास स्थित स्वर्गीय अरुण सिन्हा के घर में हुई है। इस संबंध में अरुण सिन्हा के परिजन प्रतीक कुमार सिन्हा ने चैनपुर थाना में सूचना दी। प्रतीक कुमार सिन्हा ने बताया कि अरुण सिन्हा की दो बेटियां हैं, जिनकी शादी क्रमशः पुलिस लाइन रोड और रेड़मा क्षेत्र में हुई है। परिवार के सदस्य कभी ससुराल तो कभी मायके में रहते हैं।

उन्होंने पुलिस को बताया कि पिछले करीब 20 दिनों से शाहपुर स्थित यह मकान बंद था, क्योंकि सभी सदस्य ससुराल में रह रहे थे। घर की साफ-सफाई के लिए एक सफाईकर्मी नियमित रूप से आती थी और सफाई के बाद घर बंद कर चली जाती थी। सुरक्षा के लिए घर में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, जिनकी निगरानी मोबाइल के जरिए की जाती थी।

प्रतीक कुमार सिन्हा के अनुसार, मंगलवार रात तक सीसीटीवी कैमरे का फीड सामान्य था, लेकिन बुधवार सुबह अचानक फीड बंद हो गया। शक होने पर वह पत्नी के साथ घर पहुंचे। बाहर से मुख्य गेट बंद था, लेकिन अंदर जाने पर देखा कि ग्रिल समेत सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने अलमीरा और बक्सों के ताले तोड़कर 85 हजार रुपये नकद, सोने का पुराना गला सेट, सोने की चेन, आठ सोने की अंगूठियां, चांदी की पायल और बिछिया, पुश्तैनी जेवरात, पीतल के बर्तन और कुछ महत्वपूर्ण कागजात चोरी कर लिए।

चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार से लिखित आवेदन प्राप्त कर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश कर रही है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

Read Also: Palamu News : पलामू में गांजा तस्करों को कोर्ट ने सुनाई सजा, तीन दोषियों को 18 साल की सजा और 1.5 लाख जुर्माना

Related Articles