Jamshedpur : गणतंत्र दिवस के मौके पर जिला प्रशासन की ओर से आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारी को लेकर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक नदिया एग्रिको फार्म, सीनी में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत की मौजूदगी में संपन्न हुई।
इस दौरान उपायुक्त ने गणतंत्र दिवस समारोह से जुड़े सभी बिंदुओं की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उपायुक्त ने कहा कि समारोह का आयोजन राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, समयबद्ध और आपसी समन्वय के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य समारोह स्थल बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, परिवहन, ग्रामीण विकास, अग्निशमन, पेयजल समेत कुल 12 विभागों की झांकियां निकाली जाएंगी।उपायुक्त ने निर्देश दिया कि झांकियां जन-आकांक्षाओं के अनुरूप आकर्षक हों और उनमें सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, जिले की संस्कृति और विकास यात्रा की स्पष्ट झलक दिखाई दे।
इसके साथ ही समारोह स्थल और नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, समतलीकरण, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था ससमय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा और अग्निशमन दल की तैनाती भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया।उन्होंने बताया कि मुख्य समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्लाटून, तीन झांकियों और जिले के स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस समारोह की पूर्ण तैयारी को लेकर 24 जनवरी 2026 को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न बलों और विद्यालयों के कुल 10 प्लाटून हिस्सा लेंगे।बैठक में अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल विकास राय, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार समेत अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, डीआरडीए निदेशक अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार समेत विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

