
Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कॉलोनी पानी टंकी के समीप रोड नंबर-1, ब्लॉक नंबर 14/2/2 में अज्ञात चोरों ने सेवानिवृत्त आर्मी जवान श्रवण कुमार के बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान की चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
बताया गया कि श्रवण कुमार पिछले कई महीनों से अस्पताल में भर्ती होकर इलाज करा रहे थे, जिसके कारण घर बंद था। मंगलवार को वह अपने पुत्र सत्यम के साथ अस्पताल से घर पहुंचे। इस दौरान दो मंजिले की छत के पीछे लगी ग्रिल की कुंडी टूटी मिली। अंदर जाने पर अलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखे गहने समेत अन्य सामान गायब थे।
चोर इनवर्टर, महंगे कपड़े, बिजली के उपकरण, सीलिंग पंखे, पंप मोटर समेत कई सामान ले गए। सूचना पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, झरना मिश्रा, प्रतिनिधि श्रवण मिश्रा और वार्ड सदस्य उमेश पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बागबेड़ा थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
Read also – Jamshedpur Accident: बर्मामाइंस में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर के पहियों के बीच फंसे बाइक सवार की मौत

