
धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में झरिया- सिंदरी मुख्य सड़क पर एक गंभीर हादसे ने पूरे इलाके का रूप बदल दिया। बता दें कि गत मंगलवार की देर रात एक ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। उस युवक का नाम जहांगीर (28) है। वह धनबाद से कतरास की ओर से बाइक पर आ रहा था। इसी दौरान बाइक के पीछे धनबाद के बस्ताकोला की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
उधर इस घटना की सूचना मिलने के बाद सिंदरी के डीएसपी पीसी महतो, झरिया के थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय, जोड़ापोखर के थाना प्रभारी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर थाने ले गई और चालक को हिरासत में ले लिया।
कैसे हुआ हादसा?
यह दुर्घटना झरिया- सिंदरी मुख्य मार्ग पर ऊपरकुल्ही स्थित सिकंदर पटाखा दुकान के पास हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार जहांगीर की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने क्या बताया
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसके कारण उसने अपना नियंत्रण खो दिया और पास में इंदिरा चौक के पास एक गुमटी में जा घुसा। वह गुमटी रामजी पंडित की है। वह तुरंत ही अपनी गुमटी बंद करके घर गए थे। गुमटी बंद होने के कारण एक और बड़ा हादसा होने से बच गया।
कई वाहनों में तोड़फोड़
बाद में गुस्साए लोग सड़क पर उतर आए। लोगों ने झरिया- सिंदरी मुख्य मार्ग को पूरी तरह पर प्रदर्शन करने लगे, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आरोप है कि इसके बाद उग्र भीड़ ने कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की। यही नहीं यह भी आरोप है कि मौके पर पहुंचे झरिया थाने के गश्ती दल के दो वाहनों को भी निशाना बनाया गया और उन पर पथराव किया गया।
Read Also- Chaibasa News : टंकुरा जंगल में हाथी की संदिग्ध हालात में मौत, वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

