
Jamshedpur : मानगो के शंकोसाई स्थित केदार बगान के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पारिवारिक कलह और आर्थिक तंगी से परेशान एक महिला ने अपनी तीन बच्चियों के साथ जहर पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोस में रहने वाले अजय कुमार ने तत्परता दिखाते हुए चारों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।
अजय कुमार समाजसेवी विकास सिंह के मित्र हैं। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी विकास सिंह को दी। इसके बाद विकास सिंह ने एमजीएम अस्पताल में इलाज की व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उनका आरोप था कि अस्पताल में चारों को बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा है। इस पर उन्होंने अस्पताल अधीक्षक से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी और समुचित इलाज सुनिश्चित करने की मांग की।
बताया जा रहा है कि महिला और उसकी तीनों बच्चियों की हालत अब ठीक है। घटना ने एक बार फिर आर्थिक तंगी और पारिवारिक विवाद से जूझ रहे परिवारों की स्थिति तथा जरूरतमंदों तक सरकारी सहायता पहुंचाने की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विकास सिंह ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा ऐसी हालात में शर्मसार होता है। जरूरत इस बात की है कि संकट में फंसे परिवारों को समय पर मदद और सहारा मिले।
उनका कहना है कि पुलिस को इस मामले की जांच करनी चाहिए और यह देखना चाहिए कि कैसे हालात बन गए थे, जिसमें महिला को अपनी तीन बेटियों के साथ जहर पीकर जान देने की कोशिश करने की नौबत आई। इस परिवारिक कलह को पुलिस को खत्म कराना चाहिए।

