
Jamshedpur : जमशेदपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। पोटका के विधायक संजीव सरदार ने पोटका विधानसभा क्षेत्र के बागबेड़ा इलाके के छठ घाटों को इस पर्व के लिए खास तौर से तैयार करने का निर्देश दिया है। विधायक के दिए निर्देश का पालन हुआ तो इन चार छठ घाटों की सूरत बदल जाएगी।
घाटों पर लगाए जाएंगे जनरेटर, बनेंगे चेंजिंग रूम
इन घाटों पर छठ पर्व को लेकर लाइटिंग करने और जनरेटर की व्यवस्था करने और चेंजिंग रूम तैयार करने के निर्देश विधायक ने दिए हैं। इसके अलावा इन सभी घाटों पर अस्थाई शौचालय का भी प्रबंध करने को कहा गया है। विधायक संजीव सरदार ने बुधवार को बागबेड़ा के बडौदा घाट, रिवर व्यू कॉलोनी घाट, कुसुम घाट और पत्थर घाट का निरीक्षण किया। विधायक ने वहां की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी घाटों पर साफ-सफाई का काम अभी से शुरू कर दिया जाए, ताकि छठ तक यह घाट चमकने लगे।
पुलिस को दिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
घाटों पर छठ पर्व के दिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी बागबेड़ा थाना पुलिस को दिए गए हैं। साथ ही छठ घाटों की तरफ जाने वाले रास्तों को भी ठीक-ठाक करने को कहा गया है। सड़कों पर जहां गड्ढे हैं, उन्हें भरने के निर्देश दिए गए हैं। कई छठव्रती पैदल घाटों तक जाते हैं। इसलिए विधायक ने निर्देश दिया है कि सड़कों पर साफ सफाई रहे और त्योहार वाले दिन कंकड़-पत्थर भी हटा दिए जाएं।
विधायक ने डीडीसी को भी लगाया फोन
घाटों और उधर जाने वाली सड़कों के किनारे जो स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, उन्हें फौरन ठीक करने को कहा गया है। विधायक ने कहा कि छठ के दौरान श्रद्धालु सुबह और शाम को अर्घ्य देते हैं। इसलिए, वहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करना जरूरी है। विधायक ने डीडीसी को भी फोन किया और कहा कि ऐसे इंतजाम होने चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई दिक्कत ना हो।
हालात पर नजर रख रहे विधायक
विधायक ने कहा कि वह भी छठ महापर्व को लेकर लगातार निगरानी रख रहे हैं। किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर इसे ठीक किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास अधिकारी सुमित प्रकाश, पूर्व जिला परिषद सदस्य किशोर यादव, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और झामुमो प्रखंड कमेटी के अन्य नेता मौजूद रहे।

