Jamshedpur : सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत झारखंड स्टेट बार काउंसिल के 25 सदस्यों में से 23 सदस्यों के पद पर चुनाव 12 मार्च को कराया जाएगा। इनमें 18 पद पुरुष और 5 पद महिला प्रत्याशियों के लिए आरक्षित रहेंगे। शेष दो सदस्यों का मनोनयन बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा किया जाएगा।
चुनाव से जुड़ी सभी औपचारिक प्रक्रियाएं झारखंड स्टेट बार काउंसिल कार्यालय में निर्धारित तिथियों पर सुबह 11:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होंगी। मतदान 12 मार्च को राज्य के सभी बार एसोसिएशनों में सुबह 11:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक कराया जाएगा।
नामांकन शुल्क में बड़ा बदलाव
इस बार चुनाव लड़ने के लिए नामांकन शुल्क में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। प्रत्याशियों को नामांकन फॉर्म के साथ 1.25 लाख रुपये का नॉन-रिफंडेबल डिमांड ड्राफ्ट जमा करना अनिवार्य होगा। इससे पहले यह शुल्क केवल 10 हजार रुपये था। वहीं, नामांकन फॉर्म का शुल्क भी बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया गया है, जो पहले 500 रुपये था।
चुनाव लड़ने के लिए यह भी अनिवार्य किया गया है कि प्रत्याशी का नाम कम से कम 10 वर्षों से स्टेट बार काउंसिल की सूची में दर्ज हो।
सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अंबुजनाथ को इस चुनाव के लिए चीफ रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
जमशेदपुर से निर्वाचित सदस्य
वर्तमान में झारखंड स्टेट बार काउंसिल में जमशेदपुर से दो अधिवक्ता निर्वाचित सदस्य हैं। इनमें वाइस चेयरमैन राजेश कुमार शुक्ल और जिला बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव अनिल तिवारी शामिल हैं।
जमशेदपुर से कई अधिवक्ता मैदान में उतरने को तैयार
सूत्रों के अनुसार, आगामी चुनाव को लेकर जमशेदपुर से कई अधिवक्ता सक्रिय हो चुके हैं। संभावित प्रत्याशियों में राजेश कुमार शुक्ल, अनिल तिवारी, राजेश जायसवाल, जिला बार एसोसिएशन के महासचिव कुमार राजेश रंजन, क्रिमिनल लॉ विशेषज्ञ प्रकाश झा, उमेश कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार सिंह, मोहम्मद हमिज राजा, राजेश दास, अमिताभ आलम, विजय गुप्ता सहित अन्य नाम शामिल हैं।
कई प्रत्याशी अधिवक्ताओं से मेलजोल बढ़ा रहे हैं, तो कुछ अपने मुद्दों और मांगों को लेकर मैनिफेस्टो तैयार कर प्रचार में जुटे हैं।
चुनाव कार्यक्रम
- 20 जनवरी : मतदाता सूची का प्रारूप जारी
- 21 से 27 जनवरी : दावा-आपत्ति
- 03 फरवरी : अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
- 10 व 11 फरवरी : नामांकन दाखिल
- 13 फरवरी : नामांकन की स्क्रूटनी
- 14 फरवरी : वैध प्रत्याशियों की सूची
- 17 फरवरी : नाम वापसी
- 18 फरवरी : अंतिम प्रत्याशी सूची प्रकाशित
- 12 मार्च : मतदान एवं मतगणना

