Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिला के गोइलकेरा में मकर संक्रांति को लेकर गोइलकेरा प्रखंड के डालैकेला में नव युवक संघ खेल समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हुआ। समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, विशिष्ट अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार, सोनुवा के जिप सदस्य जगदीश नायक, सोनुवा थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा, गोइलकेरा थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा, मुखिया उदय चेरेवा, झामुमो नेता अकबर खान उपस्थित रहे। खेलकूद प्रतियोगिता में बच्चों ने विभिन्न प्रतिस्पर्धा में भाग लेते हुए दमखम दिखाया। तीरंदाजी, हाफ मैराथन, तैराकी और साइकिल रेस आदि प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं।
सांसद जोबा माझी ने पूरे मैदान का भ्रमण कर दर्शकों का अभिवादन किया। सांसद ने दर्शक और खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर पर्व-त्योहारों के मौके पर खेलकूद आयोजन से आपसी संबंधों को मजबूती मिलती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। खेल के क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर प्राप्त होता है। इस मौके पर गोइलकेरा थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा के हाथों सीआरपीएफ में चयनित साहिल प्रधान, गृह रक्षक में चयनित कृष्णा प्रधान, मंतोष प्रधान और रोहित प्रधान को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के अजय नायक, अघना कंडुलना, संजीव प्रधान, सुखमती कोड़ा, अरविंद प्रधान, रथों प्रधान, नवदीप प्रधान, लक्ष्मीकांत प्रधान, सुदीप प्रधान समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

