RANCHI: भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा पेश केंद्रीय बजट सहित संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री सह सांसद अरुण सिंह तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने केंद्रीय बजट की सराहना की। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार प्रस्तुत किया गया बजट ऐतिहासिक है और भारत के भविष्य को सशक्त बनाने वाला है। यह बजट युवाओं, किसानों, महिलाओं, मध्यम वर्ग और गरीबों के सपनों को मजबूती प्रदान करता है। प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री सह सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा और प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित रहे।

मध्यम वर्ग को बड़ी राहत
उन्होंने कहा कि बजट में मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी गई है। जिला स्तर पर बायोफार्मा केंद्र, 17 जीवन रक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क में कमी, बच्चों की विदेश शिक्षा को सस्ता करने जैसे फैसले स्वागतयोग्य हैं। एमएसएमई क्षेत्र के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का आवंटन युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित करेगा। पर्यटन, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी बड़े कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र में एआई तकनीक, रेशम उद्योग को बढ़ावा, अमृत सरोवरों में मत्स्य पालन और पशुपालन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। रक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में पिछले 11 वर्षों में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।
गठबंधन सरकार केंद्रीय राशि का कर रही दुरुपयोग
झारखंड को मिलने वाली केंद्रीय सहायता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस बजट में राज्य को टैक्स और अनुदान के रूप में बड़ी राशि दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की गठबंधन सरकार केंद्रीय राशि का दुरुपयोग कर रही है। केंद्र सरकार विकसित भारत के साथ विकसित झारखंड के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बड़कुंवर गगराई, भानु प्रताप शाही, विकास प्रीतम, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सचेतक राज सिन्हा सहित कई पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी मौजूद रहे।
READ ALSO: सेरेंगसिया की धरती से सरकार का संदेश, “रांची नहीं, गांव से चलती है झारखंड की सरकार”

