चक्रधरपुर : नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाले नौ उम्मीदवारों में से चार प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया है। इसके बाद अब चुनावी मुकाबला पांच प्रत्याशियों के बीच सिमट गया है।


बता दें कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद कुल नौ उम्मीदवारों के पर्चे सही पाए गए थे। हालांकि नाम वापसी की प्रक्रिया के दौरान उदय माझी, माधो मुंडा, बीरबल हाईबुरु एवं प्रकाश सिंह कोड़ा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही, अब अध्यक्ष पद के लिए सन्नी उरांव, अनुप्रिया सोय, उत्तम कुमार बालमुचु, विजय सिंह गागराई और विजय सिंह सुम्बरूई चुनाव मैदान में शेष रह गए हैं।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार सात फरवरी को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न (सिंबल) का आवंटन किया जाएगा। वहीं 23 फरवरी को मतदान कराया जाएगा। 27 फरवरी को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। जैसे-जैसे मतदान की तिथि नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे चक्रधरपुर नगर परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं।

