चाईबासा : चाईबासा। झारखंड के चाईबासा जिले के कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के कलाईया गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां डायन होने के आरोप में एक 32 वर्षीय महिला और उसके दो माह के नवजात बच्चे को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। इस घटना में महिला का पति गंभीर रूप से झुलस गया, लेकिन वह जान बचाकर भागने में सफल रहा।

एक दर्जन लोगों ने घर पर बोला धावा
घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे की है, जब कोल्हान सिंकु अपनी दूसरी पत्नी ज्योति सिंकु, दो वर्षीय बेटे और दो माह के नवजात के साथ घर में सो रहे थे। तभी गांव के ही एक व्यक्ति ने बाहर से आवाज लगाई, जिसके बाद कोल्हान सिंकु अपनी पत्नी के साथ बाहर निकले। वहां लगभग एक दर्जन महिला-पुरुष और बच्चे मौजूद थे, जिन्होंने ज्योति सिंकु पर डायन होने का आरोप लगाया। कोल्हान सिंकु ने सुबह पंचायत में फैसला करने की बात कही, लेकिन किसी ने उनकी नहीं सुनी।
जान बचाकर भागे, रिश्तेदार के घर ली शरण
बातचीत के दौरान आये हुए महिला-पुरुषों ने पेट्रोल से भरा गैलन लाकर उन पर उड़ेल दिया गया और माचिस जलाकर आग लगा दी। कोल्हान सिंकु किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे और रिश्तेदार के घर शरण लिया। बुधवार सुबह उन्होंने थाना पहुंचकर घटना की सूचना दी। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया और गांव पहुंचकर महिला व नवजात के शव को कब्जे में लिया।
एक ही परिवार के करीब 10 लोग शामिल
इस वारदात को अंजाम देने में एक ही परिवार के करीब 10 लोग शामिल बताए जा रहे हैं। घटना में संलिप्त 12 आरोपियों ने थाने में सरेंडर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

