RANCHI: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भारतीय जनता पार्टी और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर हमला बोला है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने रविवार को प्रेस वार्ता में बीजेपी की चुनावी रणनीति और नैतिकता पर गंभीर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि भले ही नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे हों, लेकिन सभी दल अनौपचारिक रूप से पूरी ताकत झोंक रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि शहरी मतदाताओं का रुझान बदल चुका है और यह चुनाव बीजेपी के लिए रिजेक्शन साबित होगा। उन्होंने ये भी कहा कि शहरी जनता अब बीजेपी की नीतियों को नकार चुकी है।
प्रचार समाप्त होने के बाद होटल में बैठक
गिरिडीह का जिक्र करते हुए उन्होंने बाबूलाल मरांडी पर आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद उन्होंने एक होटल में बैठक की। इस बैठक में चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से कथित रूप से पैसे बांटे गए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मरांडी गिरिडीह नगर निगम के मतदाता नहीं हैं, तो आचार संहिता के दौरान वहां उनकी मौजूदगी क्यों थी।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने मरांडी पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सोच आदिवासी, मूलवासी, दलित और अल्पसंख्यक विरोधी रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के 50 प्रतिशत से अधिक नगर निकायों में पार्टी समर्थित उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे। साथ ही रांची समेत पूरे राज्य के मतदाताओं से शत-प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील की।

