Ranchi: रांची आरपीएफ ने हटिया रेलवे स्टेशन से दो किशोरों को रेस्क्यू किया है। आरपीएफ रांची के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते के तहत यह कार्रवाई की गई।
बेंगलुरु जाने की योजना बना रहे थे दोनों किशोर
बताया जा रहा है कि मंगलवार को आरपीएफ पोस्ट हटिया के जवान प्लेटफार्म संख्या एक के मुख्य द्वार के पास खड़े थे। तभी दो किशोर संदिग्ध अवस्था में घूमते नजर आए। दोनों को बुलाया गया। संदेह होने पर उनसे पूछताछ भी की गई। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम बताया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह चतरा के जोलडीहा गांव के रहने वाले हैं। दोनों ने बताया कि वह घर से भाग कर आए हैं। पिता ने उन्हें डांट दिया था। इस पर वह हटिया स्टेशन से सामान्य टिकट लेकर बेंगलुरु जाने की योजना बना रहे थे। दोनों का कहना था कि वह बेंगलुरु जाकर वहां काम करेंगे।
परिजनों का मोबाइल नंबर नहीं दे सके किशोर
पूछताछ करने के बाद आरपीएफ पोस्ट पर दोनों किशोर को लाया गया और वहां उनसे परिजनों का मोबाइल नंबर मांगा गया। दोनों अपने परिजनों का मोबाइल नंबर नहीं बता सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों बच्चों को चाइल्ड लाइन के सिपुर्द कर दिया है। चाइल्ड लाइन आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। बताया जा रहा है कि दोनों को उनके परिजनों तक पहुंचाया जाएगा।

