Home » Palamu Crime : पलामू में बच्चा चोर के शक में बुजुर्ग व महिला की हुई पिटाई, पुलिस ने भीड़ से बचाकर दोनों को एमएमसीएच में कराया भर्ती

Palamu Crime : पलामू में बच्चा चोर के शक में बुजुर्ग व महिला की हुई पिटाई, पुलिस ने भीड़ से बचाकर दोनों को एमएमसीएच में कराया भर्ती

Palamu Crime : शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलने पर कानून अपने हाथ में न लें और न ही किसी के साथ मारपीट करें।

by Birendra Ojha
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : झारखंड के पलामू स्थित शहर थाना क्षेत्र के सुदना अधोर आश्रम के पास गुरुवार की रात करीब नौ बजे बच्चा चोर होने के शक में स्थानीय लोगों ने एक बुजुर्ग व्यक्ति और एक महिला को जमकर पीटा। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जाता है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति और एक महिला रात के समय सुदना की ओर घूम रहे थे। उनकी गतिविधियों पर संदेह होने पर स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और बिना सत्यापन किए ही बच्चा चोर होने का आरोप लगाते हुए पीटने लगे। देखते ही देखते वहां लोगों की काफी भीड़ जुट गई और दोनों के साथ हाथापाई होने लगी।

इसी दौरान किसी ने घटना की सूचना स्थानीय थाना को दे दी। सूचना मिलते ही टीपीओ-3 के प्रभारी अजय गुप्ता गश्ती पुलिस के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर दोनों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित बाहर निकाला।

दोनों की हालत गंभीर देखते हुए पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल काॅलेज-अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को शहर थाना लाकर पूछताछ की गई। फिलहाल दोनों अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं हैं और अर्धविक्षिप्त प्रतीत हो रहे हैं।

शहर थाना के प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने क्षेत्रवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलने पर कानून अपने हाथ में न लें और न ही किसी के साथ मारपीट करें। ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि विधि सम्मत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाहों के आधार पर हिंसा करना दंडनीय अपराध है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Read Also: Palamu Road Accident : पलामू के एक घर में घुस गई तेज रफ्तार कार, 70 वर्षीय महिला की चली गई जान

Related Articles

Leave a Comment