लातेहार : झारखंड में लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित कैमा गांव में गुरुवार की शाम को ड्रोन कैमरे से किए जा रहे जमीन सर्वे को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। गांव के लोगों ने थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा सहित 8 पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उन्हें कई घंटे तक गांव में ही रोके रखा।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों में हलचल बढ़ गई। इसके बाद डीएसपी अरविंद अतिरिक्त पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और स्थिति को संभाला और पुलिसकर्मी वापस गांव से निकले। बताया जाता है कि पुलिस की टीम ड्रोन कैमरे से जुड़े मामले में कुछ चिह्नित युवकों को हिरासत में लेने गांव पहुंची थी। पुलिस द्वारा युवकों को अपने साथ ले जाने की सूचना मिलते ही गांव के काफी लोग एकत्र हो गए और पुलिस टीम को चारों ओर से घेर लिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और थाना प्रभारी सहित आठ पुलिसकर्मी गांव में ही रुक गए। इस दौरान कई ग्रामीणों के हाथों में लाठी-डंडे भी देखे गए।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस गांव के कुछ लोगों को पकड़कर थाने ले जाने के दौरान उनके साथ मारपीट कर रही थी। इसी के विरोध में गांव के लोगों ने पुलिसकर्मियों को आगे बढ़ने से रोक दिया और उन्हें गांव में ही बैठा दिया। ग्रामीणों की ओर से बहादुर टाना भगत ने कहा कि जब तक गांव के लोगों के साथ हुई कार्रवाई को लेकर प्रशासन स्पष्ट बात नहीं करता, तब तक वे अपनी बात रखते रहेंगे। दरअसल कैमा गांव में यह विवाद करीब एक माह पहले शुरू हुआ था। गांव के आसपास एक निजी कंपनी द्वारा ड्रोन कैमरे की मदद से जमीन का सर्वे किया जा रहा था। उस दौरान गांव के लोगों ने सर्वे का विरोध किया और ड्रोन कैमरा अपने कब्जे में ले लिया था। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी।
पुलिस और कंपनी के प्रतिनिधियों ने कई बार गांव पहुंचकर ग्रामीणों से ड्रोन कैमरा वापस करने की अपील की, लेकिन कैमरा वापस नहीं किया गया। गुरुवार को पुलिस इसी मामले में कार्रवाई करने गांव पहुंची थी। जैसे ही पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लेने का प्रयास किया, गांव के लोग बड़ी संख्या में जुट गए और थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों को घेरकर रोक लिया। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अरविंद और अन्य प्रशासनिक अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत शुरू की जिसके बाद माहौल को शांत करने का प्रयास किया जा रहा है। गांव में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इस संबंध में एसपी कुमार गौरव ने बताया कि कैमा गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। ग्रामीणों की कुछ मांगें सामने आई हैं, जिन पर प्रशासनिक पदाधिकारी उनसे बातचीत कर रहे हैं। आपसी सहमति के माध्यम से पूरे मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

