Home » Chaibasa News : बच्चा चोर की अफवाह पर चक्रधरपुर में वृद्ध महिला की पिटाई, पुलिस ने शांति और सहयोग करने की अपील की

Chaibasa News : बच्चा चोर की अफवाह पर चक्रधरपुर में वृद्ध महिला की पिटाई, पुलिस ने शांति और सहयोग करने की अपील की

Chaibasa News : पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून हाथ में लेकर किसी के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : झारखंड में इन दिनों बच्चा चोर की अफवाहों के कारण भीड़ द्वारा लोगों की पिटाई के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को चक्रधरपुर प्रखंड के हाथिया पंचायत स्थित रामडा गांव में एक वृद्ध महिला को बच्चा चोर होने के संदेह में ग्रामीणों ने बेरहमी से पीट दिया।

अफवाह फैलते ही ग्रामीणों ने महिला की कर दी पिटाई

जानकारी के अनुसार गांव में एक अज्ञात वृद्ध महिला के पहुंचने पर कुछ लोगों को उस पर बच्चा चोरी करने का शक हुआ। देखते ही देखते अफवाह फैल गई और गुस्साए ग्रामीणों ने वृद्ध महिला को घेरकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। आक्रोशित ग्रामीणों की पिटाई से महिला के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। लोगों के मारने से महिला बुरी तरह जख्मी हो गई।

महिला बच्चा चोरी के इरादे से गांव में आई- ग्रामीण

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि महिला बच्चा चोरी के इरादे से गांव में आई थी। हालांकि जब महिला से पूछताछ की गई, तो वह अपने बारे में ठीक से कोई जानकारी नहीं दे सकी। उसकी बातचीत और व्यवहार से यह भी आशंका जताई जा रही है कि उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।

घटना की सूचना चक्रधरपुर पुलिस को दे दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटनास्थल पहुंचकर महिला को बचाया और उसे थाने में लाकर रखा है।

अफवाहों के कारण हो रही पिटाई की घटनाएं

गौरतलब है कि हाल के दिनों में बच्चा चोरी की अफवाहों के कारण कई जगहों पर भीड़ द्वारा निर्दोष लोगों की पिटाई की घटनाएं सामने आई हैं। कई मामलों में मानसिक रूप से अस्वस्थ या भटककर आए लोगों को बच्चा चोर समझकर पीट दिया गया, जिससे उनकी मौत तक हो चुकी है। ऐसी घटनाओं से पुलिस की चिंता भी बढ़ गई है।

हिंसा करने वालों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई

पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि बच्चा चोरी के संदेह में किसी के साथ मारपीट करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि मामले की सही जांच हो सके। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून हाथ में लेकर किसी के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

महिला को घर तक पहुंचाने के प्रयास में जुटी पुलिस

चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत रामडा गांव पहुंचे और महिला को सुरक्षित पीसीआर वैन में बिठाकर चक्रधरपुर थाना ले आये। पुलिस के द्वारा महिला का चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में इलाज भी करवाया गया। थाना प्रभारी का कहना है कि महिला मानसिक रूप से कमजोर लग रही है। फिलहाल पुलिस महिला को उसके घरवालों का पता लगाकर उसे उसके घर तक पहुंचाने के प्रयास में जुटी हुई है।

Read Also: Chaibasa News : चाईबासा सदर अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन, 25 CRPF जवानों ने किया रक्तदान

Related Articles

Leave a Comment