Gumla: गुमला जिले के भरनो प्रखंड के करंज थाना क्षेत्र में सरगांव पंचायत के पतराटोली गांव में सोमवार की देर रात हाथी के उत्पात से एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि पतराटोली का रहने वाले चंदन उरांव के घर में देर रात अचानक एक हाथी ने धावा बोल दिया। हाथी ने घर के पास आकर दीवार को जोरदार धक्का मार दिया। इससे कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। उस समय घर के अंदर चंदन उरांव की पत्नी सुषमा उरांव अपने दो बच्चों के साथ सो रही थीं। दीवार गिरने की आवाज सुनकर सुषमा उरांव घबराकर अपने पांच वर्षीय बेटे को लेकर किसी तरह बाहर भाग निकलीं।
हालांकि हड़बड़ी में उसकी चार माह की दुधमुंही बेटी अमिता कुमारी घर के अंदर ही रह गई। दीवार गिरने से बच्ची मलबे में दब गई। इससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के दौरान सुषमा उरांव को भी चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने उन्हें संभाला और प्राथमिक उपचार कराया। मां सुषमा उरांव अपनी बेटी को खोने के सदमे में बार-बार बेहोश हो रही थी। गांव की महिलाएं और ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधाने में लगे रहे।
घटना के बाद ग्रामीणों ने करंज थाना पुलिस और बसिया वन विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। इधर, गांव में जंगली हाथी के प्रवेश से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग पूरी रात जागकर पहरा देते रहे और किसी अनहोनी की आशंका से सतर्क रहे। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को क्षेत्र से खदेड़ने और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं प्रशासन से भी पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की जा रही है।

