Palamu : शहर थाना क्षेत्र के काशीनगर रेडमा निवासी 58 वर्षीय दूध विक्रेता मोहन यादव का शव मंगलवार को जोगियाही तालाब से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक स्वर्गीय रामकिशुन यादव के पुत्र थे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
परिजनों के अनुसार मोहन यादव आठ मार्च की शाम शहर के ठाकुरबाड़ी मोहल्ले में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद आसपास के इलाकों में भी काफी तलाश की गई, फिर भी उनका कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार को एक चरवाहे ने जोगियाही तालाब के पास एक साइकिल और कुछ सामान पड़े होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहां तालाब किनारे मोहन यादव की साइकिल और अन्य सामान पड़ा हुआ मिला। इसके बाद लोगों ने तालाब में तलाश शुरू की, जहां से मोहन यादव का शव बरामद हुआ।
बताया जाता है कि मोहन यादव दूध बेचने का काम करते थे और रोजाना आसपास के मोहल्लों में दूध की आपूर्ति करते थे। स्वजनों के मुताबिक उन्हें शराब पीने की भी आदत थी। हालांकि उनकी मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार और एसआई संगीता झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
युवक की हत्या कर शव खेत में फेंका
हुसैनाबाद प्रखंड के अलीनगर गांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक युवक का शव खेत में लावारिस हालत में पड़ा देखा। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव यहां फेंक दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
देखते ही देखते घटना की सूचना पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में मृतक बेल बिगहा पंचायत के पोखरापर निवासी रामबिलास पासवान का 25 वर्षीय पुत्र संजय पासवान है।
जानकारी के अनुसार संजय पासवान अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। वह बचपन से ही अलीनगर स्थित अपने ननिहाल में रहकर गुजर-बसर कर रहा था। घर के इकलौते बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Read Also: Palamu News : पलामू में खेत में मिला युवक का शव, हुसैनाबाद पुलिस जांच में जुटी

