Jamshedpur : जमशेदपुर में आगामी हिंदू नववर्ष यात्रा की तैयारी के तहत शनिवार को डिमना ट्रांसपोर्ट नगर मैदान में ध्वज पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। हिंदू उत्सव समिति और हिंदू जनजागरण मंच की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग और युवा शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सनातन परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
पांच देवताओं का आह्वान करते हुए शुरू हुई पूजा
ध्वज पूजन का कार्यक्रम पंडित हेमंत पाठक के सानिध्य में संपन्न हुआ।इस दौरान समाजसेवी नीरज सिंह, आरएसएस के संजय सिन्हा, मंगल अखाड़ा के मुन्ना सिंह, शंकर रेड्डी, पप्पू सिंह, पार्षद और समाजसेवी राजेश सिंह, हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश, अमरेंद्र पासवान, सर्वन पासवान, प्रिंस सिंह, पप्पू राव, सुशीला शर्मा सहित कई गणमान्य लोग यजमान के रूप में उपस्थित रहे। वहीं हिंदू जनजागरण मंच के अध्यक्ष अमित शर्मा, मनीष हिंदुस्तानी, प्रीति सिन्हा, पवन सिंह और अन्य कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान के साथ पांच देवताओं का आह्वान करते हुए पूजा की शुरुआत की गई। इसके बाद सभी भगवा ध्वजों का अक्षत, पुष्प और रोली से पूजन किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि पूजित भगवा ध्वजों को शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगाया जाएगा, जिससे पूरे शहर को भगवामय बनाया जाएगा।
इस अवसर पर समाजसेवी शिवशंकर सिंह, योगेंद्र सिंह निराला, सुबोध श्रीवास्तव, छोटन मिश्रा, राजेश बम भक्त, रंजन महतो, चंदन झा, अनिता शर्मा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं और प्रबुद्धजनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने आगामी हिंदू नववर्ष यात्रा को ऐतिहासिक और भव्य बनाने का संकल्प लिया।
ट्रांसपोर्ट नगर से निकलकर आम बागान मैदान तक जाएगी यात्रा
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि इस वर्ष 18 मार्च को निकलने वाली विशाल शोभा यात्रा डिमना ट्रांसपोर्ट नगर मैदान से शुरू होकर साकची स्थित सुभाष मैदान (आमबगान) तक जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए पूरे शहर की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि हर वर्ष अलग-अलग स्थानों से इस यात्रा का आयोजन किया जाता है और इसकी भव्यता लोगों को लंबे समय तक याद रहती है।
आयोजन संपन्न करने के लिए बनी 21 सदस्यीय आयोजन समिति
आयोजन समिति के अनुसार यात्रा को सफल बनाने के लिए 21 सदस्यीय संचालन समिति का गठन किया गया है, जिसमें प्रत्येक सदस्य को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी कार्यकर्ता यात्रा की तैयारी में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।आयोजकों ने कहा कि सनातन संस्कृति और संस्कारों को सुरक्षित और सशक्त बनाए रखना प्रत्येक सनातनी का कर्तव्य है। वर्तमान सामाजिक परिवेश में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है।
Read also – Ramgarh News: लोक अदालत में सुलझा 30 साल पुराना भैरवा जलाशय विस्थापितों का केस

