Jamshedpur : झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति ने बुधवार को पूर्वी सिंहभूम जिले का दौरा कर विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सत्येंद्र नाथ तिवारी ने की। इस दौरान सदस्य मंगल कालिंदी और रोशन लाल चौधरी भी मौजूद रहे। बैठक में जिले में चल रही योजनाओं की स्थिति, उनकी पूर्णता, उपयोगिता और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने विधायक फंड, आपूर्ति विभाग, ग्रामीण विकास, कल्याण विभाग, जेएनएसी, खनन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, भवन एवं पथ निर्माण, जिला परिषद, लघु सिंचाई और शहरी जलापूर्ति योजनाओं की विशेष समीक्षा की।
समिति ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए उन्हें वैज्ञानिक खेती तकनीकों से जोड़ते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, खाद्यान्न वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और शिकायतों का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया गया। राशन डीलर पर कार्रवाई की स्थिति में कार्डधारियों को नजदीकी दुकान से जोड़कर पूरा राशन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया में तेजी लाने और किसानों के भुगतान में देरी न हो, इसके लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, लंबित योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने तथा निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी सख्ती दिखाई गई।
समिति ने भूमि विवाद या अन्य कारणों से अटकी योजनाओं को आपसी समन्वय से जल्द पूरा कराने को कहा। छात्रवृत्ति वितरण समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश कल्याण विभाग को दिए गए।इसके अलावा, खनन विभाग को अवैध खनन पर रोक लगाने और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को औद्योगिक इकाइयों द्वारा नदी-नालों में प्रदूषण फैलाने के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।
सभापति सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ जनहित में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, एडीसी संतोष गर्ग, एडीएम राहुल आनंद, कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद, डीसीएलआर सचिदानंद महतो समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

