Home » Garhwa Ramnavami : रामनवमी जुलूस मार्ग को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, खूब लगे धार्मिक नारे, प्रशासन चौकस

Garhwa Ramnavami : रामनवमी जुलूस मार्ग को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, खूब लगे धार्मिक नारे, प्रशासन चौकस

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले के रमकंडा प्रखंड मुख्यालय में बुधवार देर शाम जुलूस मार्ग को लेकर विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। परंपरागत रास्ते से जा रहे रामभक्तों को रोके जाने के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, बिचला टोला स्थित कौआखोह शिव चबूतरा के पास रामभक्त महावीर पताका स्थापित करने जा रहे थे। इसी दौरान त्रिवेणी चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया और डीजे बंद करा दिया। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही धार्मिक नारेबाजी और झड़प में बदल गई।

पुलिस की मौजूदगी में स्थापित की गई महावीर पताका

स्थिति बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। रमकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में बाद में रामभक्तों ने निर्धारित स्थान पर महावीर पताका स्थापित कर दी।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद देर रात तक क्षेत्र में तनाव बना रहा। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी क्षेत्र में जुलूस को लेकर विवाद की स्थिति बन चुकी है, जिससे संवेदनशीलता पहले से ही बनी हुई थी। हालांकि प्रशासन द्वारा रामनवमी और रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सभी पक्षों ने आपसी सौहार्द बनाए रखने पर सहमति जताई थी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

Read Also: Sahibganj News: साहिबगंज कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, राजमहल में भी अलर्ट

Related Articles

Leave a Comment