Home » Ramgarh Accident: चुटूपालू घाटी में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; स्कूटी सवार एक युवक की मौत,दूसरा गंभीर

Ramgarh Accident: चुटूपालू घाटी में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; स्कूटी सवार एक युवक की मौत,दूसरा गंभीर

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची। रामगढ़ जिले में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। रांची-पटना फोरलेन स्थित चुटूपालू घाटी में एक तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरी घटना रामगढ़-बोकारो मार्ग पर कोठार चौक के पास हुई, जहां एक कंटेनर अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकरा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूटी (संख्या जेएच 01एफबी 9613) पर सवार दो युवक रांची की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद घायल युवक काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा। सूचना मिलने पर एनएचएआई की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।

चालक की गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और सड़क पर पड़े क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

इसी दिन दूसरी घटना रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग के कोठार चौक के पास हुई। यहां एक कंटेनर (संख्या एनएल 01एबी 7050) अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन का ब्रेक फेल हो गया था। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए कंटेनर को मुख्य सड़क से हटाकर किनारे मोड़ दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

हालांकि, इसके बावजूद कंटेनर एक पेड़ से टकराते हुए बिजली के पोल से जा भिड़ा और वहीं रुक गया। इस दौरान आसपास मौजूद कई लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंटेनर को अपने कब्जे में लेकर थाना पहुंचा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Read Also: Palamu Road Accident: पलामू में सड़क हादसे ने ले ली दो युवकों की जान; तीन घायल

Related Articles

Leave a Comment