जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र पुराना सोनारी की 27 वर्षीय युवती बीटेक इंजीनियर ने आत्महत्या कर ली। उसके पिता बैजनाथ प्रसाद ने शुक्रवार को सिदगोड़ा निवासी विजय कुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है।
प्रेमी की बातों और व्यवहार से थी परेशान
युवती के पिता ने कहा है कि प्रेमी की बातों और व्यवहार से उनकी बेटी मानसिक रूप से आहत थी। वह विचलित हो गई थी। इसी हालत में उसने यह कदम उठाया।
मृतका की पहचान पूजा कुमारी के रूप में हुई है। उसके पिता बैजनाथ प्रसाद ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि 9 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे पूजा ने घर के एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने फांसी लगा ली।
परिवार वालों ने दरवाजा खोलवाने की काफी कोशिश की। कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। वहां वह पंखे से फंदे के सहारे लटकी मिली। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पूजा की शादी के लिए चल रही थी बातचीत
परिजनों के अनुसार,पूजा की शादी की बातचीत चल रही थी और हाल ही में परिवार वाले लड़का देखने गए थे। इस दौरान पूजा भी साथ थी। वहां से लौटने के बाद उसने अपने माता-पिता को बताया कि उसका एक युवक से प्रेम संबंध है और वह उसी से शादी करना चाहती है। बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात चाईबासा में बीटेक की पढ़ाई के दौरान हुई थी।
घटना से एक दिन पहले पूजा की विजय कुमार से फोन पर बातचीत हुई थी। परिजनों का आरोप है कि इस बातचीत के दौरान युवक ने ऐसी बातें कही, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी। इसी तनाव में आकर उसने अगले दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है।
Read Also- Chaibasa Murder Case : युवक के हाथ-पैर बांध कर हत्या, लाश खेत में फेंकी, जांच में जुटी पुलिस

