Jamshedpur : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको में हुए तिहरे हत्याकांड में अब तक पुलिस को घटना का कारण नहीं पता चल सका है। फिर भी पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि इस घटना के पीछे रविंद्र प्रसाद सिंह के रिटायरमेंट के मौके पर मिली मोटी रकम भी हो सकती है। हो सकता है कि इस बड़ी रकम को लेकर घर में कलह शुरू हो गई हो। चारों भाई-बहन के बीच रकम का बंटवारा कैसे हो। कितनी रकम माता-पिता के पास रहे इसे लेकर खींचतान की आशंका जताई जा रही है। अब पुलिस की जांच इस एंगल की तरफ भी मुड़ गई है।
हत्यारोपी के खिलाफ दर्ज हो गया केस
हत्यारोपी रविंद्र प्रसाद सिंह पर मंगलवार को केस दर्ज हो गया है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को ही घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया था। केस दर्ज कराने के लिए जब हत्यारोपी का रायपुर में रहने वाला बड़ा बेटा अभिषेक जब अपनी दिल्ली वाली बहन प्रिया के साथ थाने पहुंचा तो हत्यारोपी रविंद्र प्रसाद सिंह अपने बच्चों को देख कर फूट-फूट कर रोने लगा। हत्यारोपी ने अभिषेक से कहा कि वह डिप्रेशन में था। उसने अचानक आपा खो दिया और यह घटना हो गई। मामले में केस दर्ज होने के बाद पुलिस अब रविंद्र प्रसाद सिंह को जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या निकला
पुलिस ने मंगलवार की सुबह ही तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आरोपी की पत्नी सरिता के शरीर पर तीन बड़े घाव मिले हैं। इनमें से दो घाव टांगी के और एक घाव हथौड़े का बताया जा रहा है। टांगी का एक घाव सरिता के सिर की बाईं तरफ और दूसरा घाव कलाई पर है। जबकि, हथौड़े से हुआ तीसरा बड़ा घाव सरिता के बाएं गाल पर है। सूत्रों की मानें तो सरिता के सिर के बाएं तरफ जो पहला वार हुआ है उसी से उसकी मौत हो गई थी।
आरोपी के बेटे रवि पर दो बड़े वार किए गए हैं। इनमें से एक वार टांगी का और दूसरा हथौड़े का बताया जा रह है। रवि के भी सिर के बाएं हिस्से की तरफ आरोपी ने टांगी से वार किया था। बताया जा रहा है कि इस पहले वार से ही रवि ने दम तोड़ दिया था। इसी दौरान टांगी टूट गई और फिर रवि ने हथौड़े से रवि के माथे पर वार किया था। आरोपी ने अपनी बेटी सुप्रिया सिंह के भी सिर के बाएं हिस्से पर हथौड़े से वार किया था। इस वार से ही सुप्रिया की जान चली गई थी।
भुइयांडीह बर्निंग घाट पर हुआ भाई-बहन का विवाद
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद तीनों के शव भुइयांडीह बर्निंग घाट लाए गए। यहां सभी का अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान आरोपी के बड़े बेटे और बेटी के बीच झगड़ा हो गया। आरोपी की बेटी ने भाई पर आरोप लगाया कि वह थाने पर पिता के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए क्यों आवेदन दे रहा है। बाद में आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
मामले में केस दर्ज
इस मामले में पुलिस ने आरोपी रविंद्र प्रसाद सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए लिखा-पढ़ी की जा रही है। पुलिस अब बुधवार को आरोपी को जेल भेजेगी।
Read Also: Jamshedpur News : बीसीजी टीका लगने के बाद नवजात की मौत, एमजीएम अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा

