
Jamshedpur : जमशेदपुर में लगातार आपराधिक घटनाएं घट रही हैं। बुधवार की शाम लगभग 7:00 बजे मानगो के मुंशी मोहल्ला के पास डिमना रोड पर एक युवक राहुल बच्चा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हत्या प्रेम प्रसंग में हुई है। राहुल बच्चा को गोली मारने के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर परिजन पहुंचे। राहुल बच्चा को फौरन इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया।
यहां इलाज के दौरान राहुल बच्चा ने दम तोड़ दिया। राहुल बच्चा की मौत की खबर फैलते ही मानगो गुरुद्वारा बस्ती के काफी लोग टीएमएच पहुंच गए। परिजनों ने यहां जमकर हंगामा किया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल का जायजा लिया जा रहा है। टीएमएच में भी फोर्स तैनात कर दी गई है। ताकि बवाल को रोका जा सके।
दोनों एक ही युवती से करते थे प्यार
गौरतलब है कि राहुल के साथी राजेश दुबे ने बताया कि यह हत्या प्रेम प्रसंग में हुई है। राहुल दुबे और शंकोसाई रोड नंबर पांच का रहने वाला साहब सिंह सब्बे एक ही युवती से बात करते थे। दोनों इसी युवती से प्रेम करते थे। युवती भी दोनों से बात करती थी।
टीचर्स कॉलोनी की रहने वाली है युवती
युवती मानगो के टीचर्स कॉलोनी की रहने वाली है। साहब सिंह सब्बे राहुल को मना करता था और कहता था कि वह युवती से बात ना करे। इसी खुन्नस में हत्या की यह घटना अंजाम दी गई है।
सब्बे ने मारी गोली
राजेश दुबे ने बताया कि राहुल बच्चा डिमना रोड पर मुंशी मोहल्ला के पास खड़ा था। तभी साहेब सिंह सब्बे अपने कई साथियों के साथ आया और राहुल बच्चा को गोली मार दी। उसके साथ आए लोग डंडा, पत्थर आदि चला रहे थे। पुलिस घटना की तफ्तीश में जुट गई है।

