रांची : NEET री-एग्जाम को लेकर रांची जिला प्रशासन अलर्ट है। परीक्षा केंद्रों के पास धारा 163 लागू कर दी गई है। केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भीड़ पर प्रतिबंध रहेगी। 21 जून को NEET (UG)-2026 की दोबारा परीक्षा होने वाली है।
परीक्षा की तैयारी लेकर रांची जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी या कदाचार रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। रांची के 21 सेंटरों पर परीक्षा होगी। परीक्षा सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
दोपहर 12 से रात 8 बजे तक पाबंदियां
सदर एसडीओ कुमार रजत ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू कर दी है। यह आदेश 21 जून को दोपहर 12 बजे से लेकर रात 8 बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान सेंटरों के आसपास 5 या उससे ज्यादा लोगों के एक साथ जमा होने पर रोक रहेगी। कोई भी व्यक्ति परीक्षा केंद्रों के पास सभा नहीं कर सकेगा और न ही लाउडस्पीकर का इस्तेमाल कर पाएगा। हथियारों को लेकर चलने पर भी पूरी तरह पाबंदी होगी। हालांकि, यह नियम ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर लागू नहीं होगा।
इन प्रमुख कॉलेजों और स्कूलों में बनाए गए हैं सेंटर
रांची के 21 केंद्रों पर परीक्षा होनी है। इनमें मुख्य रूप से मारवाड़ी कॉलेज, डोरंडा कॉलेज, निर्मला कॉलेज और गोस्सनर कॉलेज,केंद्रीय विद्यालय (हिनू, धुर्वा और नामकुम), आर्मी पब्लिक स्कूल (दीपाटोली), सेंट एलॉयसियस हाई स्कूल, सेंट एन्स गर्ल्स हाई स्कूल और उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स हाई स्कूल शामिल हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, अफवाहों पर रहेगी नजर
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और साफ-सुथरे ढंग से कराना प्राथमिकता है। हर सेंटर पर मजिस्ट्रेट और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की है कि वे समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पहुंचें और गाइडलाइंस का पालन करें। साथ ही, अभिभावकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे सेंटरों के बाहर बेवजह की भीड़ न लगाएं।

