Jamshedpur : जमशेदपुर के परसूडीह के सरजामदा में प्रेमी युगल की शादी कराने को लेकर बुलाई गई ग्राम सभा में जो विवाद शुरू हुआ था, वह थाने तक पहुंच गया है। इस मामले में दोनों तरफ से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। युवक पर आरोप है कि उसने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ यौन शोषण किया और फिर शादी करने से इनकार कर दिया।
युवती के आवेदन पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण भी कराया है। इसके अलावा, न्यायालय में धारा 164 के तहत युवती का बयान भी दर्ज कराया गया।
दूसरी तरफ आरोपी युवक के पिता की तरफ से भी एफआईआर दर्ज कराई गई है। पिता ने चार लोगों को इस मामले में नामजद किया है। आरोप लगाया है कि जब पंचायत बुलाई गई थी तो विरोधी पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट और गाली गलौज की। दुर्व्यवहार भी किया।
पुलिस ने दोनों तरफ से रिपोर्ट दर्ज की है। गौरतलब है कि सोमवार को सरजामदा में प्रेमी युगल के संबंध को लेकर पंचायत बुलाई गई थी। इस पंचायत में प्रेमी युगल की शादी का फैसला किया गया। लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ था। युवक शादी के लिए तैयार नहीं हो रहा था। इसी को लेकर बवाल हुआ और अब पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई शुरू की है।

