Home » Kolhan University: रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण की ओर कदम, कोल्हान विश्वविद्यालय ने जारी की चयन सूची

Kolhan University: रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण की ओर कदम, कोल्हान विश्वविद्यालय ने जारी की चयन सूची

by Mujtaba Haider Rizvi
Kolhan University inter fund
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Chaibasa : युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं रोजगारपरक अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में कोल्हान विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रशिक्षण योजना NATs (एनएटीएस) के अंतर्गत कुल 112 अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी कर दी है। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं अंगीभूत महाविद्यालयों में एक वर्ष की प्रशिक्षुता के लिए चयनित अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान किया जाएगा।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिमाह ₹12,000 का प्रशिक्षुता भत्ता प्रदान किया जाएगा। यह भत्ता बोर्ड ऑफ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (पूर्वी क्षेत्र) तथा झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप देय होगा।
चयनित अभ्यर्थियों को 9 जून से 16 जून 2026 के बीच किसी भी कार्य दिवस पर विश्वविद्यालय परिसर अथवा आवंटित महाविद्यालय में योगदान देना होगा। निर्धारित अवधि के भीतर योगदान नहीं करने वाले अभ्यर्थियों का चयन स्वतः निरस्त माना जाएगा। योगदान के समय अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां, पासपोर्ट आकार के फोटो तथा जॉइनिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षुता की अवधि एक वर्ष होगी तथा अवधि पूर्ण होने के पश्चात नियुक्ति स्वतः समाप्त हो जाएगी। इस संबंध में किसी प्रकार के विस्तार अथवा नियमित नियुक्ति का दावा स्वीकार्य नहीं होगा।
इस अवसर पर कोल्हान विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने चयनित अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रशिक्षण योजना युवाओं को शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में कौशल विकास और कार्यानुभव सफलता की कुंजी हैं तथा यह योजना विद्यार्थियों को रोजगार के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने में सहायक सिद्ध होगी। कुलपति ने चयनित प्रशिक्षुओं से इस अवसर का पूर्ण लाभ उठाने, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा अपने कौशल और व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने का आह्वान किया।
वहीं विश्वविद्यालय की प्लेसमेंट सेल की निदेशक डॉ. सुनीता कुमारी ने भी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रशिक्षुता कार्यक्रम विद्यार्थियों को संस्थागत कार्यसंस्कृति, प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा व्यावहारिक कार्यानुभव से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि चयनित अभ्यर्थी इस अवसर का लाभ उठाकर अपने कौशल, दक्षता एवं आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे तथा भविष्य में अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
कुलसचिव डॉ. रंजीत कुमार कर्ण ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निर्धारित अवधि के भीतर योगदान सुनिश्चित करने की अपील की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रशिक्षण योजना युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा यह पहल विद्यार्थियों के कैरियर निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार चयनित सभी 112 अभ्यर्थियों को निर्धारित समयावधि में योगदान देकर प्रशिक्षुता कार्यक्रम से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा, जिससे उन्हें कार्यस्थल आधारित अनुभव, व्यावसायिक दक्षता तथा रोजगार की संभावनाओं को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।

Read also The Photon News Exclusive News: जमशेदपुर में ऑटो रिक्शा के किराए में ₹5 तक की हुई वृद्धि, जानें अब कहां का कितना है भाड़ा : Jamshedpur Auto Fare Increased

Related Articles

Leave a Comment