Home » Koderma Crime: कोडरमा में कोचिंग के लिए निकलीं दो चचेरी बहनें गायब, पुलिस तलाश में जुटी

Koderma Crime: कोडरमा में कोचिंग के लिए निकलीं दो चचेरी बहनें गायब, पुलिस तलाश में जुटी

5 नवंबर की दोपहर घर से निकली थीं दोनों छात्राएं, देर शाम तक वापस न लौटने पर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

​कोडरमा : तिलैया बस्ती क्षेत्र से एक ही परिवार की दो नाबालिग चचेरी बहनें अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। दोनों छात्राएं 5 नवंबर की दोपहर करीब 3:30 बजे अपने घर से कोचिंग जाने की बात कहकर निकली थीं। हालांकि, जब देर शाम तक वापस अपने घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों की चिंता और घबराहट बढ़ गई।

​परिजनों ने हर जगह की तलाश, नहीं मिला कोई सुराग

​लापता हुई दोनों बच्चियां चचेरी बहनें हैं। इनमें से एक तिलैया बस्ती की 15 वर्षीय बच्ची है, जबकि दूसरी की उम्र 14 वर्ष है। शाम को जब दोनों घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। परिवार के लोगों ने कोचिंग जाने वाले रास्तों, आसपास के इलाकों और उनके दोस्तों व जान-पहचान वालों से पूछताछ की। जब स्थानीय स्तर पर कोई जानकारी नहीं मिल सकी तो रिश्तेदारों और अन्य सगे-संबंधियों से भी संपर्क साधा गया, लेकिन बच्चियों का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।

​स्कूल के प्रदर्शन से जुड़ी चर्चा, पर पुष्टि नहीं

​इस पूरे मामले में एक और बिंदु चर्चा का विषय बना हुआ है। लापता हुई दो बहनों में से एक छात्रा सीडी बालिका मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में पढ़ाई करती है। बताया जा रहा है कि हाल ही में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शशिभूषण सिंह के निलंबन के विरोध में छात्राओं द्वारा प्रदर्शन किया गया था, जिसमें वह छात्रा भी शामिल थी। हालांकि, स्थानीय प्रशासन या पुलिस की तरफ से इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि बच्चियों के लापता होने का उस स्कूल प्रदर्शन से कोई संबंध है या नहीं।

​पुलिस ने शुरू की गहन छानबीन

​सभी संभावित जगहों पर तलाश करने के बाद जब परिजनों की उम्मीदें टूटने लगीं तो उन्होंने तिलैया थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की लिखित शिकायत सौंपी। परिजनों ने दोनों बच्चियों को जल्द से जल्द और सकुशल ढूंढ निकालने की गुहार लगाई है। तिलैया थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों, रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों के जरिए दोनों नाबालिग छात्राओं का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।

Read Also: Dhanbad Ring Road Scam: धनबाद रिंग रोड में करोड़ों के मुआवजा घोटाला में ACB का बड़ा एक्शन, सालों से फरार चल रहा मास्टरमाइंड गिरफ्तार 

Related Articles

Leave a Comment